भारत में लॉन्च हुआ दुनिया का पहला साप्ताहिक बेसल इंसुलिन, जानिए कितनी है कीमत
क्या है खबर?
डेनमार्क की दवा कंपनी नोवो नॉर्डिस्क ने भारत में अविकली नाम का अपना नया बेसल इंसुलिन लॉन्च किया है। कंपनी का दावा है कि यह दुनिया का पहला ऐसा इंसुलिन है, जिसे टाइप-1 और टाइप-2 डायबिटीज से पीड़ित वयस्क मरीजों को हफ्ते में केवल एक बार ही लगाना होगा। इससे रोजाना इंजेक्शन लेने की जरूरत कम होगी और मरीजों के लिए इलाज पहले की तुलना में काफी आसान हो सकेगा।
इलाज
इलाज होगा आसान
अब तक कई मरीजों को रोजाना इंसुलिन लेना पड़ता था, लेकिन इस नई दवा से पूरे साल में इंजेक्शन की संख्या 365 से घटकर केवल 52 रह जाएगी। कंपनी का कहना है कि इससे रोज इंजेक्शन लगाने का डर कम होगा और अधिक लोग समय पर इंसुलिन थेरेपी शुरू कर सकेंगे। यह दवा शरीर में ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद करती है और नियमित इलाज को आसान बनाती है।
फायदा
डायबिटीज मरीजों को मिल सकता है बड़ा फायदा
भारत में करोड़ों लोग डायबिटीज से प्रभावित हैं और बड़ी संख्या में मरीजों को इंसुलिन की जरूरत पड़ती है। ऐसे में हफ्ते में एक बार लगने वाला इंसुलिन इलाज को अधिक सुविधाजनक बना सकता है। कंपनी का कहना है कि यह दवा विशेष पेन डिवाइस के जरिए दी जाएगी। इससे इलाज का बोझ कम होगा और मरीजों के लिए लंबे समय तक नियमित रूप से इंसुलिन लेना पहले से आसान हो सकता है।
कीमत
इतनी रखी गई नई इंसुलिन की कीमत
कंपनी ने अविकली के 700 यूनिट पैक की कीमत 2,611 रुपये तय की है, यानी प्रति यूनिट लगभग 3.73 रुपये खर्च होगा। कंपनी का दावा है कि यह मौजूदा कई रोजाना इस्तेमाल होने वाले बेसल इंसुलिन की तुलना में 30 से 40 प्रतिशत तक सस्ता पड़ सकता है। जिन मरीजों को हर दिन लगभग 10 यूनिट इंसुलिन की जरूरत होती है, उनका साप्ताहिक खर्च करीब 261 रुपये रहने का अनुमान है।