Loading...
खराब दही की शिकायत करने पर महिला से साइबर ठगी, अकाउंट से उड़ गए 98,000 रुपये
खराब दही की शिकायत करने पर महिला से साइबर ठगी

खराब दही की शिकायत करने पर महिला से साइबर ठगी, अकाउंट से उड़ गए 98,000 रुपये

Oct 27, 2026
05:40 pm

क्या है खबर?

बेंगलुरु में ब्लिंकिट से मंगाए गए खराब दही का रिफंड लेने की कोशिश में 56 साल की महिला के 98,000 रुपये की ठगी हो गई। पुलिस शिकायत के मुताबिक, महिला ने 17 अक्टूबर को किराने का सामान मंगाया था। दही खराब मिलने पर उसने गूगल पर कंपनी का कस्टमर केयर नंबर खोजा। इसके बाद एक अनजान व्यक्ति के संपर्क में आने पर उसके बैंक ऑफ बड़ौदा अकाउंट से पैसे निकल गए। मामले की जांच जारी है।

ठगी

फर्जी नंबर और व्हाट्सऐप लिंक से की ठगी

शिकायत के अनुसार, महिला को गूगल पर 2 फोन नंबर मिले, जिनमें से एक पर उसने कॉल किया।

जवाब देने वाले व्यक्ति ने उसे व्हाट्सऐप पर एक लिंक भेजा और दही की तस्वीर अपलोड करने को कहा। इसके बाद दूसरे अनजान व्यक्ति ने फोन कर रिफंड मिलने की बात कही और गूगल पे देखने को कहा।

इसी दौरान महिला के अकाउंट से दोपहर 3:15 से 3:16 बजे के बीच कुल 98,000 रुपये कट गए।

सुरक्षा

रिफंड के लिए हमेशा आधिकारिक ऐप का करें इस्तेमाल

ऐसी ठगी से बचने के लिए गूगल पर मिले अनजान कस्टमर केयर नंबरों पर भरोसा न करें।

खराब सामान की शिकायत सीधे ब्लिंकिट ऐप या उसकी आधिकारिक वेबसाइट के जरिए करें। ऐप में ऑर्डर चुनकर सहायता वाले विकल्प पर जाएं और समस्या दर्ज करें। अनजान नंबर से आए व्हाट्सऐप लिंक को खोलने से बचें।

रिफंड दिलाने के नाम पर कोई व्यक्ति अगर भुगतान करने या बैंकिंग जानकारी देने को कहे, तो उसकी बात न मानें।

ADVERTISEMENT

अन्य

OTP और UPI पिन किसी को न बताएं

रिफंड पाने के लिए किसी को अपना OTP, UPI पिन, बैंक पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी न दें।

अनजान भुगतान अनुरोध को मंजूरी देने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच करें। अकाउंट से बिना अनुमति पैसे कटने पर तुरंत बैंक को सूचना दें। साथ ही, साइबर अपराध की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर दर्ज कराएं।

समय रहते शिकायत करने से मामले की जांच और पैसे वापस पाने की संभावना बढ़ सकती है।

ADVERTISEMENT