क्या व्हाट्सऐप उम्र से जुड़ी पाबंदियां लागू करेगा? यूजर्स से पूछ रहा उम्र
क्या है खबर?
व्हाट्सऐप ने भारत में कुछ यूजर्स से उनकी जन्मतिथि पूछना शुरू कर दिया है। इससे यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि मैसेजिंग प्लेटफॉर्म देश में भविष्य में उम्र की पुष्टि (एज-वेरिफिकेशन) से जुड़ी जरूरतों के लिए तैयारी कर रहा है। यह जानकारी टिपस्टर अभिषेक यादव ने दी है, जिन्होंने एक्स पर एक स्क्रीनशॉट शेयर किया। इसमें व्हाट्सऐप के अंदर एक प्रॉम्प्ट दिख रहा है, जिसमें यूजर्स से अपनी जन्मतिथि जोड़ने के लिए कहा जा रहा है।
पुष्टि
कंपनी और सरकार ने नहीं की पुष्टि
स्क्रीनशॉट के अनुसार, ऐप का कहना है कि ऐसा भारत सरकार के आने वाले नियमों के कारण किया जा रहा है।
इस पोस्ट के बाद ऑनलाइन चर्चा शुरू हो गई है कि क्या भारत मैसेजिंग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कम उम्र के यूजर्स के लिए सख्त नियम लागू करने की योजना बना रहा है।
हालांकि, अभी तक व्हाट्सऐप और भारत सरकार दोनों ने कोई नया नियम आधिकारिक तौर पर लागू करने की घोषणा नहीं की है।
कारण
यह भी हो सकता है कारण
हालांकि, भारत में हाल ही में आए इस प्रॉम्प्ट (नोटिफिकेशन) की वजह साफ नहीं है, लेकिन व्हाट्सऐप का यूजर्स से उनकी उम्र पूछना कोई नई बात नहीं है।
कंपनी अपने ऑफिशियल सपोर्ट पेज पर बताती है कि जब यूजर्स रजिस्टर करते हैं या कुछ खास फीचर्स का इस्तेमाल करते हैं तो उनसे उनकी उम्र बताने या कंफर्म करने के लिए कहा जा सकता है।
कुछ मामलों में यूजर की उम्र वेरिफाई करने के लिए अतिरिक्त जानकारी मांगी जा सकती है।