गोल्डमैन सैक्स ने हांगकांग में एंथ्रोपिक क्लाउड AI मॉडल पर क्यों लगाई रोक?
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक के क्लाउड AI मॉडल पर गोल्डमैन सैक्स ने अपने कर्मचारियों के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। यह रोक खासतौर पर हांगकांग में काम कर रहे स्टाफ पर लागू की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, बैंक ने सुरक्षा और डाटा से जुड़े संभावित जोखिमों को ध्यान में रखते हुए यह अहम कदम उठाया है। ऐसे समय में यह फैसला आया है जब AI टूल्स के इस्तेमाल को लेकर दुनियाभर में सख्ती लगातार बढ़ती जा रही है।
वजह
क्यों लगाई गई रोक?
रिपोर्ट के अनुसार, इस फैसले की मुख्य वजह डाटा सुरक्षा और AI के गलत इस्तेमाल का बढ़ता खतरा है, जिसमें चीन से जुड़ी चिंताएं भी शामिल हैं। अमेरिकी कंपनियों को आशंका है कि उनके AI मॉडल्स का इस्तेमाल कर चीनी कंपनियां अपनी तकनीक को तेजी से विकसित कर रही हैं। इसी कारण गोल्डमैन सैक्स ने एंथ्रोपिक के साथ अपने समझौते को और सख्त किया और कर्मचारियों के लिए 'क्लाउड' मॉडल के इस्तेमाल पर रोक लगाने का फैसला लिया है।
असर
हांगकांग में AI टूल्स के इस्तेमाल पर असर
रिपोर्ट के मुताबिक, हांगकांग में कुछ कर्मचारी अब सीधे या अंदरूनी सिस्टम के जरिए क्लाउड AI टूल्स का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि, यह रोक सभी AI प्लेटफॉर्म्स पर लागू नहीं है और कुछ अन्य टूल्स अभी भी सीमित रूप में उपलब्ध हैं। एंथ्रोपिक ने भी साफ कहा है कि उसका यह प्रोडक्ट हांगकांग में आधिकारिक तौर पर पूरी तरह सपोर्टेड नहीं था, जिससे स्थिति अब और स्पष्ट हो गई है।
टकराव
AI रेस में बढ़ती टकराव की साफ झलक
इस पूरे मामले को अमेरिका और चीन के बीच तेजी से बढ़ती AI प्रतिस्पर्धा से भी जोड़कर देखा जा रहा है। अमेरिकी कंपनियां अपनी एडवांस तकनीक और डाटा को सुरक्षित रखने की कोशिश कर रही हैं, जबकि चीन भी अपनी घरेलू कंपनियों पर नियंत्रण बढ़ाने में लगा हुआ है। दोनों देशों के बीच यह तकनीकी मुकाबला अब और तेज होता दिख रहा है, जिसका असर वैश्विक टेक कंपनियों और बड़े वित्तीय संस्थानों के फैसलों में साफ नजर आने लगा है।