चीन में क्यों बंद होने जा रहे हैं कई कंपनियों के AI एजेंट?
क्या है खबर?
चीन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े बड़े बदलाव होने जा रहे हैं। नए सरकारी नियम लागू होने से पहले बाइटडांस के डोबाओ और अलीबाबा के क्वेन जैसे लोकप्रिय AI ऐप अपने कस्टम AI एजेंट फीचर बंद करने की तैयारी कर रहे हैं। कंपनियों ने यूजर्स को इसकी जानकारी भी दे दी है। माना जा रहा है कि यह फैसला 15 जुलाई से लागू होने वाले नए नियमों का पालन करने और जरूरी बदलाव करने के लिए लिया गया है।
वजह
क्यों ऑफलाइन किए जा रहे हैं AI एजेंट?
चीन सरकार ऐसे AI फीचर पर सख्ती कर रही है, जो इंसानों जैसी बातचीत करते हैं और भावनात्मक जुड़ाव पैदा करते हैं। नए नियमों के तहत ऐसे AI सिस्टम पर निगरानी बढ़ाई जाएगी, जो इंसानी व्यवहार, सोच और बातचीत की नकल करते हैं। इसी वजह से डोबाओ और क्वेन अपने कई कस्टम AI एजेंट फीचर बंद कर रहे हैं, ताकि वे नए नियमों के अनुसार अपनी सेवाओं में जरूरी बदलाव आसानी से कर सकें।
असर
यूजर्स को क्या होगा असर?
AI एजेंट बंद होने के बाद यूजर्स अपने पुराने एजेंट, उनकी सेटिंग और पहले की बातचीत को दोबारा नहीं देख पाएंगे। कंपनियों ने बताया है कि तय तारीख के बाद डाटा उनकी प्राइवेसी नीति के अनुसार सुरक्षित तरीके से संभाला जाएगा। इन ऐप्स में यूजर अपनी पसंद के हिसाब से अलग-अलग AI सहायक तैयार कर सकते थे, जो पढ़ाई, बातचीत, सलाह और कई दूसरे रोजमर्रा के कामों में भी मदद करते थे।
चिंता
सरकार को किन बातों की चिंता है?
चीन का कहना है कि ऐसे AI सिस्टम से गलत जानकारी, निजी डाटा लीक, मानसिक नुकसान, जरूरत से ज्यादा भावनात्मक जुड़ाव और लत जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। इसी कारण सरकार ने AI एजेंट्स के लिए नए सुरक्षा नियम बनाए हैं। हालांकि सामान्य कस्टमर सर्विस, शिक्षा और कामकाज से जुड़े AI टूल इन नियमों से बाहर रखे गए हैं, यदि वे लगातार भावनात्मक जुड़ाव नहीं बनाते और जोखिम नहीं बढ़ाते।
अन्य
AI सेक्टर के लिए नए दौर की शुरुआत
चीन लगातार AI तकनीक के लिए नए मानक और नियम तैयार कर रहा है। हाल के महीनों में सरकार ने AI एजेंट्स की पहचान, सुरक्षा, आपसी कनेक्टिविटी और निगरानी से जुड़े कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सरकार चाहती है कि AI का इस्तेमाल उत्पादक कार्यों में बढ़े, लेकिन ऐसे फीचर सीमित रहें जो लोगों के साथ इंसानों जैसा भावनात्मक रिश्ता बनाकर उन पर लंबे समय तक ज्यादा प्रभाव डाल सकते हैं।