GTA 6 की सफलता से अरबपति बन सकते हैं हाउसर ब्रदर्स, जानें कौन हैं दोनों भाई
क्या है खबर?
ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6 (GTA 6) की रिलीज से गेमिंग जगत में हलचल है। इस गेम से न सिर्फ रॉकस्टार गेम्स और उसकी पेरेंट कंपनी टेक-टू इंटरएक्टिव को बड़ी कमाई की उम्मीद है, बल्कि इसके पीछे काम करने वाले हाउसर ब्रदर्स को भी भारी आर्थिक फायदा हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों भाइयों का रॉकस्टार के मुनाफे में हिस्सा तय है। ऐसे में GTA 6 की सफलता उनकी संपत्ति को और बढ़ा सकती है।
सैम हाउसर
सैम हाउसर कौन हैं और क्या है उनकी भूमिका?
सैम हाउसर रॉकस्टार गेम्स के सह-संस्थापक हैं और कंपनी के प्रमुख के रूप में काम कर रहे हैं।
ग्रैंड थेफ्ट ऑटो सीरीज को दुनियाभर में पहचान दिलाने में उनकी अहम भूमिका रही है। उन्होंने 1996 में एक ऐसे गेम का डेमो देखा था, जिसमें खिलाड़ी पुलिस से बचते हुए शहर में गाड़ी चलाते थे।
इसी विचार से उन्हें नए गेम की संभावना दिखाई दी और उन्होंने अपने भाई डैन के साथ मिलकर इस दिशा में काम शुरू किया।
डैन हाउसर
डैन हाउसर ने गेम की कहानी और संवाद लिखे
डैन हाउसर सैम के छोटे भाई हैं और रॉकस्टार गेम्स के शुरुआती रचनात्मक सदस्यों में शामिल रहे हैं।
उन्होंने ग्रैंड थेफ्ट ऑटो सीरीज के कई गेम की कहानी और संवाद लिखने में अहम योगदान दिया। गेम के किरदारों और उनकी कहानियों को खास पहचान दिलाने में भी उनकी भूमिका रही।
हालांकि, डैन ने 2020 में रॉकस्टार गेम्स छोड़ दिया और अपना अलग गेमिंग स्टूडियो शुरू किया। इसके बावजूद कंपनी के साथ उनके पुराने समझौते से उन्हें आर्थिक फायदा मिलता रहा।
समझौता
2008 में हुआ था मुनाफे में हिस्सेदारी का समझौता
रिपोर्ट के मुताबिक, 2008 में GTA 4 की सफलता के बाद टेक-टू ने रॉकस्टार के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए मुनाफे में हिस्सेदारी की व्यवस्था की थी।
इसके तहत रॉकस्टार के परिचालन मुनाफे का 50 प्रतिशत तक हिस्सा बोनस के लिए रखा जा सकता था। सैम और डैन हाउसर तथा निर्माता लेस्ली बेंजिज इस बोनस राशि के एक हिस्से के हकदार थे।
इसी समझौते के कारण दोनों भाइयों को गेम की सफलता से बड़ी कमाई हुई।
कमाई
GTA सीरीज से अब तक 14 अरब डॉलर की कमाई
फोर्ब्स के अनुमान के मुताबिक, सैम हाउसर को रॉकस्टार के गेम से रॉयल्टी के रूप में करीब 1 अरब डॉलर तक की कमाई हो सकती है।
वहीं, GTA फ्रैंचाइजी की कुल बिक्री 14 अरब डॉलर से अधिक बताई जाती है। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों भाइयों को पहले टेक-टू के 1.8 करोड़ डॉलर से ज्यादा कीमत के शेयर भी मिले थे।
अगर वे शेयर उनके पास होते, तो आज उनकी कीमत 46 करोड़ डॉलर से अधिक होती।
उम्मीदें
GTA 6 से कंपनी और भाइयों को बड़ी उम्मीदें
उद्योग के अनुमानों के मुताबिक, GTA 6 रिलीज के शुरुआती 4 महीनों में 4 करोड़ से ज्यादा प्रतियां बेच सकता है।
80 डॉलर प्रति कॉपी की कीमत के हिसाब से इसकी बिक्री 3.2 अरब डॉलर से अधिक हो सकती है। हालांकि, गेम के विकास पर होने वाला खर्च भी काफी बड़ा है। टेक-टू ने पिछले साल रॉयल्टी के रूप में करीब 42 करोड़ डॉलर का भुगतान किया था।
ऐसे में GTA 6 की सफलता कंपनी के लिए अहम होगी।