माइक्रोसॉफ्ट आउटेज से कौन-कौन सी सेवाएं हुई हैं प्रभावित?
क्या है खबर?
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई तकनीकी खराबी अभी तक दूर नहीं हो सकी हैं। कंपनी ने अपने सर्विस स्टेटस पेज पर बताया कि माइक्रोसॉफ्ट 365 के घरेलू और व्यावसायिक अकाउंट का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को अब भी कनेक्टिविटी की परेशानी हो रही है। 12 नवंबर को देर रात शुरू हुई यह रुकावट दूसरे दिन भी दोपहर तक जारी है। कंपनी ने कहा कि प्रभावित सेवाओं को सामान्य करने के लिए सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रभावित सेवाएं
आउटलुक, वनड्राइव और टीम्स समेत कई सेवाएं प्रभावित
माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, घरेलू यूजर्स को आउटलुक डॉट कॉम, वनड्राइव, वननोट, माइक्रोसॉफ्ट टू डू, टीम्स और वेब के जरिए माइक्रोसॉफ्ट 365 इस्तेमाल करने में परेशानी हो रही है।
कंपनी ने यह भी कहा कि दूसरी सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। वहीं, व्यावसायिक अकाउंट के लिए अलग-अलग ऐप के नाम नहीं बताए गए।
ABC7 की रिपोर्ट में एक्सचेंज ऑनलाइन, शेयरपॉइंट ऑनलाइन, कोपायलट 365, डिफेंडर XDR और प्लानर जैसी सेवाओं का जिक्र किया गया है।
जांच
सर्वर की जांच में सामने आई खराबी
माइक्रोसॉफ्ट ने इस रुकावट की वजह सर्वरों का ऑटोमेटेड हेल्थ चेक में विफल होना और अनुपलब्ध हो जाना बताया है।
कंपनी के मुताबिक, पहले किए गए सुधारों से उम्मीद के मुताबिक राहत नहीं मिली। इसके बाद उसने प्रभावित क्षेत्रों में ट्रैफिक को दूसरी जगह भेजने और अलग-अलग सर्वरों पर उसका बोझ बांटने का काम शुरू किया है।
कंपनी ने कुछ इलाकों में सीमित सुधार की जानकारी दी, लेकिन सभी यूजर्स के लिए सेवाएं सामान्य नहीं हो सकी हैं।
प्रयास
कंपनी ने सुधार के प्रयास जारी रखने की बात कही
माइक्रोसॉफ्ट ने अपने स्टेटस पेज और एक्स अकाउंट के जरिए यूजर्स को स्थिति की जानकारी दी है।
कंपनी ने बताया कि प्रभावित सेवाओं की क्षमता बहाल करने के लिए काम जारी है और रिकवरी के साथ यूजर्स दोबारा जुड़ पाएंगे। हालांकि, स्टेटस पेज पर कुछ सेवाओं को अलग से सामान्य रूप से काम करते हुए भी दिखाया गया, जबकि माइक्रोसॉफ्ट 365 की सूची में उनमें से कुछ प्रभावित थीं।
एज्योर का ताजा स्टेटस अलग पेज पर देखने को कहा गया।