बेहतर असर के लिए घर में कहां रखें एयर प्यूरीफायर? जानें सही जगह
क्या है खबर?
घर में एयर प्यूरीफायर लगाने के बाद यह जरूरी नहीं कि कमरे की सारी हवा साफ हो जाए। इसका पूरा फायदा तभी मिलता है, जब मशीन को सही जगह पर रखा जाए। अक्सर लोग इसे कमरे के किसी कोने में रख देते हैं, ताकि रास्ते में परेशानी न हो। हालांकि, गलत जगह रखने से इसकी हवा साफ करने की क्षमता घट सकती है। इसलिए मशीन लगाने से पहले कमरे की जगह और हवा के बहाव का ध्यान रखना चाहिए।
#1
कमरे के बीच में रखना बेहतर विकल्प
एयर प्यूरीफायर को कमरे के बीच में रखना बेहतर माना जाता है।
इससे मशीन को चारों तरफ से हवा खींचने और साफ हवा बाहर निकालने की पर्याप्त जगह मिलती है। हवा का बहाव पूरे कमरे में बेहतर तरीके से फैलता है और धूल व पीएम 2.5 जैसे छोटे कण फिल्टर तक पहुंचते हैं।
इस तरह मशीन कमरे के अलग-अलग हिस्सों की हवा साफ करने में ज्यादा प्रभावी ढंग से काम कर सकती है।
#2
ज्यादा समय बिताने वाले रखें
अगर कमरे के बीच में प्यूरीफायर रखना संभव नहीं है, तो इसे उस जगह के पास रखें जहां आप सबसे ज्यादा समय बिताते हैं।
रात में सोते समय इसे बिस्तर से कुछ फीट की दूरी पर रखा जा सकता है। वहीं, दिन में घर से काम करते हैं तो इसे अपनी मेज के पास रखें।
इससे आपके आसपास की हवा साफ करने में मशीन ज्यादा उपयोगी साबित हो सकती है और आपको साफ हवा मिलती रहेगी।
#3
इन बातों का भी रखें ध्यान
प्यूरीफायर के चारों तरफ कम से कम एक से दो फीट की जगह खाली रखें।
इसे सोफे के पीछे, मेज के नीचे या भारी पर्दों के पास रखने से बचें, क्योंकि इससे हवा का रास्ता रुक सकता है। अगर मशीन का हवा खींचने वाला हिस्सा नीचे है, तो उसे मजबूत स्टूल पर रख सकते हैं।
साथ ही, इसे दरवाजे और खिड़कियों से दूर रखें, ताकि बाहर की प्रदूषित हवा सीधे मशीन तक न पहुंचे।