व्हाट्सऐप एंड्रॉयड 6.0 से नीचे के वर्जन वाले फोन में नहीं करेगा काम
क्या है खबर?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप यूजर्स एंड्रॉयड स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वालों को झटका देने जा रहा है। यह इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप 8 सितंबर से एंड्रॉयड 6 से पुराने वर्जन को सपोर्ट करना बंद कर देगा। इसका मतलब है कि अगर, आपके स्मार्टफोन में पुराना एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम है तो आप उसमें व्हाट्सऐप नहीं चला पाएंगे। मेटा के इस ऐप को जारी रखने के लिए आपको एंड्रॉयड 6 या उससे ऊपर वाले वर्जन पर चलने वाला फोन इस्तेमाल करना होगा।
कारण
इस कारण लिया यह फैसला
यह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म नए फीचर्स लाने पर काम कर रहा है। इनके लिए आमतौर पर बेहतर सिस्टम क्षमता और उच्च प्रदर्शन की आवश्यकता होती है। इसका मतलब है कि पुराने डिवाइस और ऑपरेटिंग सिस्टम इन्हें ठीक से हैंडल नहीं कर पाएंगे। अगर, ये फीचर पुराने एंड्रॉयड वर्जन पर ठीक से काम नहीं करते हैं तो व्हाट्सऐप कुछ नए फीचर भी ऐड नहीं कर पाएगा। इसलिए, उसने अब कुछ एंड्रॉयड वर्जन के लिए सपोर्ट बंद करने की घोषणा की है।
असर
इन देशों में पड़ेगा सबसे ज्यादा असर
रिपोर्ट के अनुसार, पुराने वर्जन वाले फोन की समस्या भारत, ब्राजील, पाकिस्तान और दक्षिण-पूर्व एशिया और अफ्रीका के कुछ हिस्सों में है। इनमें से कई डिवाइस एंड्रॉयड 10 से काफी पुराने वर्जन पर चल रहे हैं, जिन्हें निर्माता अब अपडेट नहीं करते हैं। इससे आधुनिक सॉफ्टवेयर आवश्यकताओं और अभी भी सक्रिय रूप से उपयोग में आने वाले पुराने हार्डवेयर के बीच एक बढ़ा अंतर पैदा हो रहा है। इससे ऐप बेहतर तरीके से काम नहीं करती है।
सलाह
व्हाट्सऐप ने यूजर्स को दी सलाह
व्हाट्सऐप खोलते ही प्रभावित यूजर्स को एक अलर्ट दिखाकर सूचित कर रहा है। मैसेज में बताया गया है कि 8 सितंबर से ऐप कुछ खास एंड्रॉयड वर्जन पर उपलब्ध नहीं होगा। इस तारीख के बाद एंड्रॉयड 5.0 और 5.1 पर चलने वाले फोन में इसका इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। इन वर्जनों का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स की संख्या बहुत कम है। प्लेटफाॅर्म यूजर्स को डाटा डिलिट होने से बचाने के लिए चैट्स का बैकअप लेने की सलाह दे रहा है।