व्हाट्सऐप जल्द ही आईफोन यूजर्स को दे सकता है बैकअप के लिए स्टोरेज सुविधा
क्या है खबर?
व्हाट्सऐप जल्द ही गूगल ड्राइव और आईक्लाउड के अलावा खुद के क्लाउड पर चैट्स का बैकअप लेने की सुविधा दे सकता है। अप्रैल में आई रिपोर्ट्स से पता चला था कि यह एंड्रॉयड के लिए क्लाउड बैकअप सिस्टम बना रहा है, जिससे यूजर्स को गूगल ड्राइव का एक विकल्प मिल सके। अब नई रिपोर्ट से पता चला है कि ऐप का क्लाउड बैकअप विकल्प आईफोन यूजर्स के लिए भी उपलब्ध होगा, जो अभी अपना डाटा आईक्लाउड पर बैकअप करते हैं।
संकेत
यहां से मिले इस सुविधा के संकेत
इस बारे में सबसे पहले WABetaInfo ने पता लगाया, जिन्हें टेस्टफ्लाइट पर उपलब्ध iOS के लिए व्हाट्सऐप बीटा वर्जन 26.28.10.16 में इस फीचर के बारे में जानकारी मिली।
यह फीचर अभी विकसित किया जा रहा है और बीटा टेस्टिंग के लिए उपलब्ध नहीं है।
यह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड होगा और उन लाखों यूजर्स के लिए काफी जगह खाली कर सकता है, जो ऐपल या गूगल की सीमित फ्री स्टोरेज पर निर्भर रहते हैं।
फायदा
इन यूजर्स को होगा फायदा
ऐपल यूजर्स को सिर्फ 5GB का फ्री आईक्लाउड स्टोरेज मिलता है, जिसमें फोटो, डॉक्यूमेंट, ऐप डाटा और डिवाइस बैकअप जैसी चीजें रखनी होती हैं।
व्हाट्सऐप बैकअप में ज्यादा फोटो और वीडियो शेयर करने वाले के लिए लिमिट जल्दी खत्म हो सकती है।
स्टोरेज भर जाने पर फाइल्स मैनुअल डिलीट करनी पड़ती हैं या ज्यादा स्टोरेज के लिए ऐपल को पैसे देने पड़ते हैं। बताया जा रहा है कि शुरुआत में प्लेटफॉर्म के बैकअप सिस्टम में 2GB का फ्री स्टोरेज मिलेगा।