व्हाट्सऐप iOS पर ला रहा लिक्विड ग्लास से जुड़े और अपडेट, जानें क्या-क्या बदलेगा
क्या है खबर?
व्हाट्सऐप अपने iOS ऐप में ऐपल के 'लिक्विड ग्लास' डिजाइन को और अधिक शामिल कर रहा है, जिसके तहत 2 और सेक्शन का विजुअल लुक अपडेट किया जा रहा है। इस नए अपडेट से चैट इंफो स्क्रीन और ड्रॉइंग एडिटर का रूप बदल सकता है। इसमें आईफोन निर्माता के ग्लास जैसे इंटरफेस से मिलते-जुलते पारदर्शी एलिमेंट जोड़े जा सकते हैं। यह अपडेट ऐप को 'लिक्विड ग्लास' अनुभव के और भी करीब ले आएगा।
उपलब्धता
सीमित यूजर्स को उपलब्ध हुआ यह अपडेट
WABetaInfo ने iOS के लिए व्हाट्सऐप बीटा वर्जन 26.45.10.70 में ये बदलाव देखे हैं, जो टेस्टफ्लाइट के जरिए उपलब्ध है। इस अपडेट में चैट इंफो स्क्रीन और ड्रॉइंग एडिटर का नया रूप देखने को मिलता है।
हालांकि, अभी यह कुछ ही बीटा टेस्टर्स के लिए उपलब्ध है।
यह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पहले ही चैट लिस्ट, टैब बार, नेविगेशन बार और मैसेज मेन्यू में 'लिक्विड ग्लास' ला चुका है। केवल चैट इंफो स्क्रीन और ड्रॉइंग एडिटर इससे बचे हुए थे।
बदलाव
अपडेट से ऐप में आएगा यह बदलाव
इस अपडेट के बाद चैट इंफो स्क्रीन में कॉल शुरू करने, मैसेज खोजने, स्टेटस अपडेट बनाने और किसी को ग्रुप में जोड़ने के बटन अब थोड़े पारदर्शी दिखते हैं, जिससे इनके पीछे का कुछ हिस्सा भी दिखाई देता रहता है।
यह मौजूदा कंट्रोल्स को एक फ्लोटिंग कांच जैसा लुक देता है, जो उस इंटरफेस से मेल खाता है।
इसके अलावा, ड्राइंग एडिटर के टूलबार में यह डिजाइन लागू होने से कंटेंट एडिट करते समय इसके कंट्रोल थोड़े पारदर्शी दिखाई देंगे।