LOADING...
क्या है व्हाट्सऐप फाइल शेयरिंग स्कैम, इससे कैसे रहें सुरक्षित?
व्हाट्सऐप फाइल शेयरिंग स्कैम को लेकर सरकार ने चेतावनी दी है

क्या है व्हाट्सऐप फाइल शेयरिंग स्कैम, इससे कैसे रहें सुरक्षित?

Jul 07, 2026
03:13 pm

क्या है खबर?

व्हाट्सऐप यूजर्स के लिए सरकार ने एक नए साइबर हमले के खतरे को लेकर चेतावनी जारी की है। इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने बताया है कि साइबर अपराधी नकली इनवॉइस, बैंक स्टेटमेंट और दूसरे बिजनेस डॉक्यूमेंट के नाम पर मालवेयर भेज रहे हैं। यह हमला खासतौर पर व्हाट्सऐप वेब और व्हाट्सऐप डेस्कटॉप इस्तेमाल करने वालों को निशाना बना रहा है। एजेंसी ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध अटैचमेंट को बिना जांचे बिल्कुल भी न खोलें।

तरीका

ऐसे काम करता है यह नया साइबर स्कैम

CERT-In के अनुसार, साइबर अपराधी पहले किसी असली व्हाट्सऐप अकाउंट पर कब्जा कर लेते हैं। इसके बाद उसी अकाउंट से उसके कॉन्टैक्ट्स को नकली इनवॉइस, पेमेंट रिकॉर्ड, बैंक स्टेटमेंट या दूसरे जरूरी दस्तावेज के नाम पर फाइल भेजते हैं। ये फाइलें देखने में बिल्कुल असली लगती हैं, इसलिए लोग बिना सोचे इन्हें खोल देते हैं। फाइल खुलते ही कंप्यूटर में खतरनाक मालवेयर सक्रिय हो जाता है और हमला शुरू हो जाता है।

खतरा

फाइल खुलते ही हैकर्स को मिल जाता है एक्सेस

सरकारी एजेंसी ने बताया कि मालवेयर वाली फाइल खुलने के बाद वह कंप्यूटर में दूसरी स्क्रिप्ट डाउनलोड करती है और कई खतरनाक प्रोग्राम इंस्टॉल कर देती है। इसके बाद हैकर्स को डिवाइस का रिमोट एक्सेस मिल सकता है। वे पासवर्ड और दूसरी जरूरी जानकारी चुरा सकते हैं, डाटा कॉपी कर सकते हैं, सिस्टम में दूसरा मैलवेयर डाल सकते हैं और कंपनी के पूरे नेटवर्क को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं, जिससे आर्थिक हानि होने का खतरा रहता है।

Advertisement

सुरक्षा

इस तरह के साइबर हमले से ऐसे रहें सुरक्षित

CERT-In ने लोगों को सलाह दी है कि व्हाट्सऐप पर मिले किसी भी अनजान या अचानक आए अटैचमेंट, खासकर .vbs फाइल या इनवॉइस और बैंक स्टेटमेंट के नाम वाली फाइल, बिना पुष्टि किए न खोलें। फाइल भेजने वाले से किसी दूसरे माध्यम से उसकी पुष्टि जरूर करें। अपने विंडोज सिस्टम और एंटीवायरस को हमेशा अपडेट रखें, एंडपॉइंट सुरक्षा चालू रखें और किसी भी संदिग्ध लिंक या फाइल से सावधानी बरतें।

Advertisement