क्या है सीडेंस 2.0 AI मॉडल, राम गोपाल वर्मा ने जिसे "फिल्म उद्योग का हत्यारा" बताया?
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के खतरों को लेकर अब फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग भी चिंता जता रहे हैं। अब भारत के जाने-माने डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा ने AI को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है और चीन के सीडेंस 2.0 मॉडल को "फिल्म उद्योग का हत्यारा" बताया है। उनका कहना है कि यह बदलाव सिर्फ तकनीकी नहीं बल्कि पूरी इंडस्ट्री के ढांचे को बदल सकता है। इस बयान के बाद अब इस मुद्दे पर फिर चर्चा तेज हो गई है।
मॉडल
क्या है चीन का सीडेंस 2.0 मॉडल?
चीन की कंपनी बाइटडांस ने 2026 में सीडेंस 2.0 नाम का नया AI वीडियो मॉडल पेश किया है। इससे पहले 2025 में आए पहले वर्जन ने भी फिल्म जगत में हलचल मचा दी थी। यह मॉडल टेक्स्ट प्रॉम्प्ट के आधार पर हाई-क्वालिटी सिनेमैटिक वीडियो बना सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह कुछ ही सेकंड में ऐसे दृश्य तैयार करता है, जिनके लिए आमतौर पर बड़े बजट और लंबा समय लगता है।
खासियत
मॉडल की क्षमता और खासियत
सीडेंस 2.0 मल्टी-शॉट सीन, साउंड डिजाइन और विजुअल इफेक्ट्स के साथ तैयार वीडियो बना सकता है। कम लागत में तैयार होने वाले ये क्लिप बड़े स्टूडियो प्रोडक्शन जैसे दिखते हैं। इसका मतलब है कि छोटे शहरों में रहने वाला कोई भी रचनात्मक व्यक्ति केवल एक विचार लिखकर फिल्म जैसा कंटेंट तैयार कर सकता है। यही कारण है कि इसे फिल्म निर्माण की दुनिया में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
चिंता
वर्मा ने क्यों जताई चिंता?
वर्मा ने कहा कि यह तकनीक फिल्म इंडस्ट्री के पारंपरिक ढांचे को खत्म कर सकती है। उनके मुताबिक, अगर AI खुद पूरी फिल्म बना सकता है तो एक्टर्स, टेक्नीशियन और बड़ी प्रोडक्शन टीम की जरूरत कम हो सकती है। उन्होंने इसे सिनेमा की दुनिया में एस्टेरॉयड जैसा झटका बताया है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यह सिनेमा को आम लोगों तक पहुंचाने का एक नया लोकतांत्रिक रास्ता खोल सकता है।
विवाद
हॉलीवुड में विरोध और कानूनी विवाद
सीडेंस 2.0 को लेकर हॉलीवुड में विरोध भी शुरू हो गया है। कुछ बड़े स्टूडियो ने बाइटडांस पर कॉपीराइट कंटेंट के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी को कानूनी नोटिस भेजे गए हैं, जिससे इसके सार्वजनिक लॉन्च में देरी हो सकती है। कहा जा रहा है कि मॉडल पर सख्त कंटेंट फिल्टर लगाने की तैयारी की जा रही है। इससे AI और फिल्म इंडस्ट्री के रिश्ते पर नई बहस छिड़ गई है।