क्या है PHP, जिसकी खामियों से दुनियाभर की वेबसाइटों पर मंडराया खतरा?
क्या है खबर?
PHP प्रोग्रामिंग भाषा में सुरक्षा से जुड़ी 2 गंभीर खामियां सामने आने के बाद यूरोप में कई वेबसाइटों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। सरकारी एजेंसियों ने संबंधित संस्थानों को इन समस्याओं का समाधान जल्द करने की हिदायत दी है। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा सुधार लागू नहीं करने वाली वेबसाइटों को इंटरनेट से हटाना बेहतर होगा। इस मामले ने उन संस्थानों की चिंता बढ़ा दी है, जो अपनी सेवाओं के लिए PHP पर निर्भर हैं।
PHP
क्या है PHP?
PHP एक ऐसी प्रोग्रामिंग भाषा है, जिसका उपयोग वेबसाइटों पर कंटेंट दिखाने और सर्वर से जानकारी हासिल करने के लिए किया जाता है।
जब कोई व्यक्ति वेबसाइट खोलता है, तो यह भाषा पर्दे के पीछे जरूरी जानकारी तैयार करने में मदद करती है। इसका इस्तेमाल छोटे कारोबारों की वेबसाइटों से लेकर सरकारी पोर्टल और समाचार वेबसाइटों तक में होता है।
वर्डप्रेस जैसे लोकप्रिय प्लेटफॉर्म PHP पर निर्भर हैं, इसलिए इसकी सुरक्षा में कमी कई वेबसाइटों को प्रभावित कर सकती है।
खतरा
बिना पासवर्ड के सर्वर तक पहुंचने का खतरा
साइबर विशेषज्ञों ने दोनों कमजोरियों को बेहद गंभीर बताया है।
यूरोपीय संघ की साइबर सुरक्षा टीम के अनुसार, इनका फायदा उठाकर हमलावर बिना अकाउंट या पासवर्ड के दूर बैठे प्रभावित सर्वर पर निर्देश चला सकते हैं। ऐसा होने पर वेबसाइट की जानकारी चोरी हो सकती है, उसके पन्नों में बदलाव किया जा सकता है या पूरी सेवा ठप पड़ सकती है।
क्लाउडफ्लेयर के तकनीकी प्रमुख ने शुरुआती हमलों के संकेत मिलने की जानकारी दी है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।
जरूरत
वेबसाइट संचालकों को तुरंत कदम उठाने की जरूरत
साइबर सुरक्षा एजेंसियों ने प्रभावित संस्थानों से अपने सिस्टम की जांच करने और जरूरी सुरक्षा सुधार लगाने को कहा है।
छोटी वेबसाइटों के मालिकों के लिए यह काम चुनौतीपूर्ण हो सकता है, क्योंकि उनके पास अक्सर तकनीकी विशेषज्ञों की टीम नहीं होती। साझा होस्टिंग सेवाओं में यह पता लगाना भी कठिन हो सकता है कि सर्वर की देखरेख कौन करता है।
वर्डफेंस के मुताबिक, वर्डप्रेस पर होने वाले सामान्य स्वचालित अपडेट से जरूरी सुधार अपने आप लागू नहीं होंगे।
सुरक्षा खामियां
सुरक्षा खामियां खोजने में AI ने की मदद
इन कमजोरियों का पता लगाने में साइबर सुरक्षा कंपनियों कैलिफ और विज ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल किया।
कैलिफ ने अगस्त में पहली खामी की जानकारी दी, जबकि विज ने बाद में दूसरी कमजोरी की सूचना दी। ये कमियां लंबे समय से मौजूद थीं, लेकिन इनके जरिए हमला संभव होने की पहचान करने के लिए गहन तकनीकी जांच करनी पड़ी।
अमेरिकी प्रशासन ने भी एजेंसियों और कंपनियों के साथ मिलकर सुरक्षा सुधार लागू करने की बात कही है।