LOADING...
क्या है डाटा सेंटर प्रदूषण? इसे लेकर xAI के खिलाफ हुआ मुकदमा
xAI पर प्रदूषण नियम तोड़ने का आरोप

क्या है डाटा सेंटर प्रदूषण? इसे लेकर xAI के खिलाफ हुआ मुकदमा

Apr 15, 2026
01:08 pm

क्या है खबर?

अमेरिका में नागरिक अधिकार संगठन NAACP ने एलन मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी xAI और उसकी सब्सिडियरी MZX टेक के खिलाफ मुकदमा किया है। आरोप है कि कंपनी ने साउथ मेम्फिस में अपने कोलोसस 2 डाटा सेंटर को चलाने के लिए बिना अनुमति मीथेन गैस टर्बाइन का इस्तेमाल किया। संगठन ने अदालत से मांग की है कि इस काम को गैर-कानूनी घोषित किया जाए, टर्बाइन बंद कराए जाएं और कंपनी पर जुर्माना लगाया जाए।

प्रदूषण

डाटा सेंटर प्रदूषण क्या है?

डाटा सेंटर को चलाने के लिए बहुत ज्यादा बिजली की जरूरत होती है, जिसके लिए कई बार गैस टर्बाइन जैसे साधनों का इस्तेमाल किया जाता है। इन टर्बाइनों से प्रदूषण, जहरीले केमिकल और बारीक कण निकलते हैं, जो हवा को खराब करते हैं। इससे सांस की बीमारी, दिल की समस्या और कैंसर जैसे खतरे बढ़ सकते हैं। यह डाटा सेंटर रिहायशी इलाकों के पास स्थित है, जिससे लोगों की सेहत पर सीधा असर पड़ सकता है।

नोटिस

नोटिस के बाद भी जवाब नहीं

इस मामले में NAACP का साथ दक्षिणी पर्यावरण विधि केंद्र और अर्थ जस्टिस दे रहे हैं। संगठन ने पहले कंपनी को 60 दिन का नोटिस भेजा था, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। इसके बाद अब मामला अदालत में पहुंच गया है। आरोप है कि बिना एयर परमिट के टर्बाइन चलाना क्लीन एयर एक्ट का सीधा उल्लंघन है, जो प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए बनाया गया कानून है।

Advertisement

चुनौती

AI कंपनियों की बढ़ती ऊर्जा जरूरत और चुनौती

आजकल AI कंपनियों को अपने डाटा सेंटर चलाने के लिए भारी बिजली की जरूरत होती है, जिससे नए ऊर्जा स्रोत खोजे जा रहे हैं। गूगल, मेटा और अमेजन जैसी बड़ी टेक कंपनियां अब वैकल्पिक और साफ ऊर्जा स्रोतों में तेजी से निवेश कर रही हैं। हालांकि, तेजी से बिजली उत्पादन के नए तरीके अपनाने से पर्यावरण पर असर बढ़ रहा है और स्थानीय लोगों की चिंता भी लगातार बढ़ती जा रही है।

Advertisement