गूगल I/O 2026 में क्या कुछ कर सकती है घोषणाएं?
क्या है खबर?
गूगल 19 और 20 मई को अपनी बड़ी डेवलपर कॉन्फ्रेंस गूगल I/O 2026 आयोजित करने जा रही है। इसमें कंपनी नई AI तकनीक, एंड्रॉयड अपडेट और भविष्य के स्मार्ट डिवाइस से जुड़े कई बड़े ऐलान कर सकती है। गूगल के CEO सुंदर पिचई मुख्य कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यह इवेंट कैलिफोर्निया के शोरलाइन एम्फीथिएटर में होगा और दुनियाभर के लोग इसे ऑनलाइन भी देख सकेंगे। इस बार AI और स्मार्ट तकनीक पर सबसे ज्यादा फोकस रहने की उम्मीद है।
जेमिनी
जेमिनी AI और सर्च में बड़े बदलाव संभव
गूगल इस इवेंट में अपने जेमिनी AI मॉडल के नए फीचर्स पेश कर सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ऐसे स्मार्ट AI असिस्टेंट दिखा सकती है जो रोजमर्रा के कई काम खुद संभाल सकें। गूगल सर्च में भी नए AI फीचर्स जोड़े जा सकते हैं, जिससे लोगों को पहले से ज्यादा आसान और बातचीत जैसे जवाब मिलेंगे। इसके अलावा, क्रोम ब्राउजर में भी जेमिनी AI जोड़ा जा सकता है, जो वेबसाइट का सार समझाने और फॉर्म भरने जैसे काम करेगा।
एंड्रॉयड 17
एंड्रॉयड 17 और स्मार्ट ग्लास की हो सकती है एंट्री
गूगल I/O 2026 में एंड्रॉयड 17 को लेकर कई अपडेट सामने आ सकते हैं। कंपनी बेहतर मल्टीटास्किंग, तेज परफॉर्मेंस और AI आधारित फीचर्स की घोषणा कर सकती है। इसके साथ एंड्रॉयड XR स्मार्ट ग्लास भी पेश किए जा सकते हैं। माना जा रहा है कि ये ग्लास ऑगमेंटेड रियलिटी और जेमिनी AI के साथ काम करेंगे। वियर OS स्मार्टवॉच के लिए नए हेल्थ और प्रोडक्टिविटी फीचर्स दिखाए जाने की उम्मीद है, जिससे स्मार्ट डिवाइस और ज्यादा उपयोगी बन सकते हैं।
अन्य
डेवलपर्स और नए AI सिस्टम पर रहेगा जोर
गूगल इवेंट में डेवलपर्स के लिए नए AI टूल्स और कोडिंग फीचर्स भी लॉन्च कर सकती है। इनकी मदद से ऐप बनाना और ऑटोमेशन आसान हो सकता है। कंपनी नए एल्युमिनियम OS की झलक भी दिखा सकती है, जिसमें एंड्रॉयड और क्रोमOS के फीचर्स एक साथ मिल सकते हैं। गूगल अपनी भविष्य की AI रणनीति पर भी चर्चा कर सकती है, जिसमें फोन, लैपटॉप, कार और दूसरे स्मार्ट डिवाइस को साथ जोड़ने की योजना शामिल हो सकती है।