वियासैट ने शुरू की स्पेस फोर गुड इंडिया चैलेंज प्रतियोगिता, 5 लाख रुपये जीतने का मौका
अमेरिकी कंपनी वियासैट ने स्पेस फोर गुड इंडिया चैलेंज 2026 नाम से एक खास प्रतियोगिता शुरू की है। इसमें भारतीय विश्वविद्यालयों के छात्रों को आमंत्रित किया गया है, ताकि वे अंतरिक्ष टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके दुनिया की असली समस्याओं को सुलझाने के नए तरीके खोज सकें।
इस प्रतियोगिता का विजेता 5 लाख रुपये का नकद इनाम जीतेगा। दूसरे नंबर पर आने वाले को 3.75 लाख रुपये और तीसरे नंबर पर रहने वाले छात्र को 2.75 लाख रुपये मिलेंगे।
अक्टूबर में होगा अंतिम प्रेजेंटेशन
छात्र अपनी पसंद के विषय चुन सकते हैं। इनमें सैटेलाइट कनेक्टिविटी, आपदा प्रबंधन, ग्रामीण डिजिटल पहुंच, साइबर सुरक्षा और अंतरिक्ष को और टिकाऊ बनाना जैसे विषय शामिल हैं।
यह प्रतियोगिता ऑनलाइन आइडिया जमा करने के साथ शुरू होगी और अक्टूबर में अंतिम प्रेजेंटेशन के साथ समाप्त होगी।
इनाम के अलावा, यह छात्रों के लिए एक बेहतरीन अवसर है। इसमें उन्हें उद्योगों के विशेषज्ञों से सीखने का मौका मिलेगा और वे समझ पाएंगे कि कैसे अंतरिक्ष टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल समाज की भलाई करने के लिए किया जा सकता है।