LOADING...
अमेरिकी सरकार सार्वजनिक करेगी UFO से जुड़ी नई फाइलें, वेबसाइट हुई लॉन्च
अमेरिकी सरकार सार्वजनिक करेगी UFO से जुड़ी फाइलें

अमेरिकी सरकार सार्वजनिक करेगी UFO से जुड़ी नई फाइलें, वेबसाइट हुई लॉन्च

May 09, 2026
12:51 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ वॉर ने UFO और अनजान हवाई घटनाओं से जुड़ी नई फाइलें सार्वजनिक करने की घोषणा की है। विभाग ने इसके लिए एक नया सरकारी वेबपेज भी शुरू किया है, जहां पहले कभी जारी न की गई तस्वीरें और दस्तावेज डाले गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में इस पोर्टल पर और फाइलें जोड़ी जाएंगी। यह कदम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश के बाद उठाया गया है।

फाइलें

नई वेबसाइट पर साझा की गई कई एजेंसियों की फाइलें

सरकार की नई वेबसाइट (war.gov/ufo) पर डिपार्टमेंट ऑफ वॉर, FBI, नासा और दूसरी एजेंसियों की कई तस्वीरें और PDF फाइलें अपलोड की गई हैं। वेबसाइट को ऐसे डिजाइन किया गया है, जिससे UFO और रहस्यमयी घटनाओं में रुचि रखने वाले लोग आसानी से जानकारी देख सकें। हालांकि, शुरुआती फाइलों में ऐसा कोई स्पष्ट सबूत नहीं मिला है, जिससे एलियन जीवन की पुष्टि हो सके या किसी उड़न तश्तरी के पृथ्वी पर आने का दावा साबित हो सके।

जांच

सरकारी एजेंसियां लंबे समय से कर रही हैं जांच

अमेरिका में UFO और अनजान घटनाओं को लेकर कई दशकों से चर्चा होती रही है। साल 2007 में एडवांस्ड एयरोस्पेस थ्रेट आइडेंटिफिकेशन प्रोग्राम बनाया गया था, जिसका उद्देश्य रहस्यमयी हवाई घटनाओं की जांच करना था। यह कार्यक्रम 2012 में बंद कर दिया गया था, लेकिन बाद में दूसरी सरकारी टीमों ने यह काम जारी रखा। साल 2017 में पहली बार इस प्रोग्राम की जानकारी सार्वजनिक हुई थी। उसी दौरान पेंटागन ने कुछ रहस्यमयी वीडियो भी जारी किए थे।

Advertisement

चर्चा

पेंटागन के पुराने वीडियो ने बढ़ाई थी चर्चा

ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान पेंटागन ने कुछ UAP वीडियो सार्वजनिक किए थे, जिसमें कुछ रहस्यमयी चीजें दिखाई दी थीं। इसके बाद दुनियाभर में एलियन और UFO को लेकर नई बहस शुरू हो गई थी। हालांकि, अमेरिकी सरकार की बाद की रिपोर्टों में कहा गया कि इन घटनाओं को एलियन स्पेसक्राफ्ट नहीं माना जा सकता। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग अब भी मानते हैं कि सरकार के पास UFO से जुड़ी और भी जानकारी मौजूद हो सकती है।

Advertisement

सबूत

एलियन के पक्के सबूत अब भी नहीं मिले

नई फाइलें सामने आने के बाद भी एलियन जीवन का कोई पक्का सबूत नहीं मिला है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह दस्तावेज ज्यादा इस बात को दिखाते हैं कि सरकारी एजेंसियां अनजान घटनाओं को कैसे रिकॉर्ड करती हैं और उनकी जांच कैसे होती है। कुछ लोग इसे पारदर्शिता बढ़ाने की कोशिश मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे केवल लोगों की दिलचस्पी बनाए रखने वाला कदम बता रहे हैं। नई वेबसाइट के कारण UFO को लेकर चर्चा तेज है।

Advertisement