अमेरिका में कंपनियों को उपलब्ध कराने होंगे अपने मॉडल, बनाए सख्त नियम
क्या है खबर?
अमेरिकी सरकार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनियों के साथ नागरिक अनुबंधों के लिए सख्त दिशा-निर्देश तैयार किए हैं। इनके तहत कंपनियों को अमेरिकी सेना द्वारा अपने मॉडल्स के किसी भी वैध उपयोग की अनुमति देना अनिवार्य होगा। नए नियम रक्षा विभाग (पेंटागन) और एंथ्रोपिक के बीच हुए सार्वजनिक टकराव के बाद आए हैं। यह टकराव उसके मॉडल्स के ऑटोनॉमस हथियारों और बड़े पैमाने पर घरेलू निगरानी में संभावित उपयोग को लेकर था।
नियम
क्या रखा नियमों में प्रस्ताव?
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सरकार के साथ व्यापार करने की इच्छुक AI संस्थाओं को अपने मॉडल का सभी कानूनी उद्देश्यों के लिए उपयोग करने हेतु सरकार को एक अपरिवर्तनीय लाइसेंस प्रदान करना होगा। नए नियमों के तहत कंपनियों को एक ऐसा निष्पक्ष और गैर-पक्षपातपूर्ण टूल उपलब्ध कराना होगा, जो विविधता, समानता और समावेशन जैसे वैचारिक सिद्धांतों के पक्ष में प्रतिक्रियाओं में हेरफेर न करे। नए नियमों का उद्देश्य AI कंपनियों पर दबाव बनाने की रणनीति है।
उद्देश्य
क्या है इसका उद्देश्य?
एक रिपोर्ट के अनुसार, इन नियमों का उद्देश्य अमेरिकी सरकार के लिए AI सेवाओं की खरीद को मजबूत करना है। सूत्र ने यह भी बताया कि पेंटागन अपने भविष्य के सैन्य अनुबंधों के लिए भी इसी तरह की शर्तों पर विचार कर रहा है। संघीय सरकार के सॉफ्टवेयर की खरीद करने वाला अमेरिकी जनरल सर्विसेज एडमिनिस्ट्रेशन (GSA) नए नियमों को लागू करने से पहले उद्योग से इस बारे में उनकी राय मांगेगा।