BSNL का बड़ा ऑफर, इन 2 रिचार्ज प्लान पर 1 लाख रुपये का मुफ्त बीमा
क्या है खबर?
भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने अपने नए प्रीपेड प्लान के साथ मुफ्त बीमा सुविधा शुरू की है। इन प्लान में ग्राहकों को दुर्घटना में मौत होने पर 1 लाख रुपये तक का बीमा कवर और साइबर धोखाधड़ी से हुए नुकसान पर 10,000 रुपये तक की सुरक्षा मिलेगी। यह सुविधा STV 202 और STV 2449 प्लान के साथ दी जा रही है। पात्र ग्राहकों को इसके लिए अलग से कोई प्रीमियम नहीं देना होगा।
फायदा
STV 202 और STV 2449 में फायदा
BSNL के STV 202 और STV 2449 प्रीपेड प्लान में 1 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10,000 रुपये तक का साइबर धोखाधड़ी कवर शामिल है।
कंपनी ने यह बीमा सुविधा देने के लिए द ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के साथ साझेदारी की है। STV 202 में 300 मिनट की वॉयस कॉल, 5GB डेटा और 100 SMS मिलते हैं।
वहीं, STV 2449 में 365 दिन की वैधता, अनलिमिटेड कॉलिंग, रोजाना 2GB डेटा और 100 SMS मिलते हैं।
रिचार्ज
रिचार्ज के बाद खुद होगा सक्रिय
इन दोनों में से पात्र प्लान का रिचार्ज कराने के बाद बीमा सुविधा अपने आप शुरू हो जाएगी।
ग्राहकों को इसके लिए अलग से कोई बीमा पॉलिसी खरीदने या प्रीमियम देने की जरूरत नहीं होगी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पात्र रिचार्ज के 24 घंटे बाद बीमा कवर सक्रिय हो जाएगा।
पॉलिसी से जुड़ी जानकारी ग्राहक को SMS के जरिए भेजी जाएगी। रिचार्ज करने के बाद ग्राहकों को बीमा सुविधा के लिए अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी।
कवर
दुर्घटना और साइबर धोखाधड़ी का कवर
बीमा सुविधा में दुर्घटना के कारण मौत होने पर 1 लाख रुपये तक का कवर मिलेगा। वहीं, साइबर धोखाधड़ी से होने वाले नुकसान के लिए 10,000 रुपये तक की सुरक्षा दी जाएगी।
हालांकि, यह बीमा कवर द ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी की शर्तों के अनुसार लागू होगा। इसका मतलब है कि हर मामले में भुगतान अपने आप नहीं मिलेगा और दावे के लिए बीमा कंपनी की तय शर्तें पूरी करनी होंगी।
ग्राहकों को पॉलिसी की जानकारी जरूर देखनी चाहिए।