ट्विटर लाएगी वॉइस ट्विटिंग फीचर, ऑडियो क्लिप कर सकेंगे ट्वीट
ट्विटर पर अब आप जल्द ही वॉइस ट्वीटिंग यानी ऑडियो क्लिप भी ट्वीट कर सकेंगे। शुरुआत में यह फीचर केवल iOS यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा। फिलहाल इसे चुनिंदा यूजर्स के लिए जारी कर दिया गया है। अभी तक यह जानकारी सामने नहीं आई है कि एंड्रॉयड और डेस्कटॉप के लिए इसे कब तक रोल आउट किया जाएगा। अभी तक ट्विटर पर केवल टेक्स्ट या वीडियो ट्वीट करने का ऑप्शन है। आइये, इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
कैसे काम करेगी वॉइस ट्वीटिंग
ट्विटर ने जिन यूजर्स के लिए यह फीचर जारी किया है, उन्हें ट्वीट कंपोज करते समय अटैच मीडिया बटन के पास वेवलेंग्थ का आइकन दिख रहा है। इस आइकन पर टैप कर यूजर अपना ऑडियो रिकॉर्ड कर सकता है। यह ऑडियो उसके ट्वीट के साथ अटैच हो जाएगा। एक बार में यूजर 140 सेकंड की ऑडियो क्लिप ट्वीट कर सकेंगे। अगर कोई ऑडियो क्लिप इससे लंबी होती है तो ट्विटर ऑटोमेटिकली उसे थ्रेड में बदल देगा।
ट्विटर ने कही यह बात
ट्विटर ने इसकी जानकारी देते हुए लिखा कि टेक्स्ट के साथ बहुत कुछ अनकहा और बिना समझा रह जाता है। इसलिए उम्मीद है कि वॉइस ट्विटिंग यूजर्स को ज्यादा मानवीय अनुभव देगी। हर स्थिति में लोग अपनी आवाज के साथ जानकारियां दुनिया तक पहुंचा सकेंगे।"
अटैच्ड इमेज की तरह दिखेगा वॉइस ट्वीट
यूजर को अपनी ऑडियो रिकॉर्ड करने के बाद 'डन' बटन पर टैप करना होगा। इससे रिकॉर्डिंग बंद हो जाएगी। इसके बाद कंपोज स्क्रीन पर जाकर इस रिकॉर्डिंग को ट्वीट किया जा सकेगा। टाइमलाइन पर यह वॉइस ट्वीट अटैच्ड इमेज की तरह दिखेगा। अगर कोई यूजर इससे सुनना चाहेगा तो यह स्क्रीन की निचले हिस्से में प्ले हो जाएगी। यूजर इसे सुनते-सुनते अपनी टाइमलाइन स्क्रॉल या दूसरे कोई काम भी कर सकेंगे।
ऐसा होगा वॉइस ट्वीटिंग फीचर
कुछ दिन पहले लॉन्च हुआ था फ्लीट्स
वॉइस ट्विटिंग से पहले ट्वीटर ने इंस्टाग्रास की स्टोरी जैसा फीचर फ्लीट्स लॉन्च किया था। इसमें यूजर स्टोरी की तरह किसी पोस्ट को फ्लीट कर सकता है। यह 24 घंटे बाद अपने आप गायब हो जाएगी।
आर्टिकल रिट्वीट करने से पहले पढ़ने को कहेगी ट्विटर
वॉइस ट्वीटिंग के साथ-साथ ट्विटर एक और नए फीचर पर काम कर रही है। यह फीचर यूजर्स से कोई भी आर्टिकल अपने प्रोफाइल पर शेयर करने से पहले उसे पढ़ने के बारे में कहेगा। अपने प्लेटफॉर्म पर गलत जानकारी शेयर होने से बचाने के लिए कंपनी यह फीचर ला रही है। इसे पहले एंड्रॉयड डिवाइस के लिए लॉन्च किया जाएगा। हालांकि, लॉन्चिंग की समयसीमा को लेकर अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।