ट्रंप ने AI का नाम बदलने का रखा प्रस्ताव, AI फोर्स बनाने की भी घोषणा
क्या है खबर?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सुरक्षा को लेकर चल रही बहस के बीच इस तकनीक का नाम बदलने का विचार रखा है। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "बहुत से लोग मानते हैं कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या AI नाम इस तकनीक के हिसाब से सही नहीं हैं और सुनने में भी अच्छे नहीं लगते।" उन्होंने एक पोल पोस्ट किया, जिसमें फॉलोअर्स सुपीरियर इंटेलिजेंस, एक्सट्रीम इंटेलिजेंस या सुप्रीम इंटेलिजेंस में से एक नाम पर वोट कर सकते हैं।
आरोप
डेमोक्रेट्स पर AI को खत्म करने का आरोप
ट्रंप ने एक पोस्ट में दावा किया कि AI को खत्म करने या बर्बाद करने की कोशिशें डेमोक्रेट्स के कई झूठों में से एक हैं।
इसके बाद उन्होंने जोर देकर कहा कि वह चुपचाप खड़े होकर ऐसा नहीं होने देंगे। उनके अनुसार, यह तथाकथित धोखा हमारे डाटा सेंटर्स पर हमले के साथ शुरू हुआ था।
उन्होंने कहा, "डाटा सेंटर पर पागलपन भरा हमला काफी हद तक नाकाम रहा है और अब आलोचक सीधे AI पर निशाना साध रहे हैं।"
AI फोर्स
AI जार की होगी नियुक्ति
अमेरिकी राष्ट्रपति ने AI उद्योग की मदद और उसके विकास पर नजर रखने के साथ एक 'AI फोर्स' बनाने की भी बात कही। ठीक वैसे ही जैसे उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में 'स्पेस फोर्स' बनाई थी।
उन्होंने आगे कहा, "इसी मकसद से मैं जल्द ही AI 'जार' (AI प्रमुख) के पद की घोषणा करूंगा, इसके लिए केवल बहुत ज्यादा IQ वाले लोग ही आवेदन करें।"
राष्ट्रपति ने यह नहीं बताया कि AI फोर्स और AI जार की जिम्मेदारियां क्या होंगी?