ट्रंप प्रशासन लॉन्च से पहले AI मॉडल की करेगा समीक्षा, निगरानी समूह होगा गठित
क्या है खबर?
एंथ्रोपिक के नए क्लाउड मिथोस नामक शक्तिशाली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल ने दुनियाभर में हलचल मचा रखी है। यह किसी भी ऑपरेटिंग सिस्टम को हैक कर सकती है, इस कारण कई सरकारें इसको लेकर सतर्क हो गई हैं। अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी बढ़ते जोखिमों को देखते हुए चाहते हैं कि उनका प्रशासन नए AI मॉडल्स पर अधिक निगरानी रखे। वे AI के सबसे बड़े समर्थकों में से एक हैं।
विचार
कार्य समूह गठन की योजना
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन नए AI मॉडल्स को सरकारी निगरानी में लाने पर विचार कर रहा है। व्हाइट हाउस एक कार्यकारी आदेश जारी करने पर विचार कर रहा है, जिसके तहत एक AI कार्य समूह का गठन किया जाएगा, जो इस बात की जांच करेगा कि ऐसी निगरानी कैसे काम कर सकती है। कार्य समूह में संभवतः प्रौद्योगिकी क्षेत्र के अधिकारी और सरकारी अधिकारी शामिल होंगे, जो निगरानी प्रक्रियाएं विकसित कर सकते हैं।
तैयारी
कंपनियों के साथ शुरू हुई चर्चा
ऐसा माना जा रहा है कि ट्रंप प्रशासन ने गूगल, एंथ्रोपिक और OpenAI के अधिकारियों के साथ इस तरह के समूह के गठन पर चर्चा की है। रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि व्हाइट हाउस के कुछ अधिकारी भी ऐसे सिस्टम के पक्षधर हैं, जो अमेरिकी सरकार को ऐसे मॉडल्स तक पहली पहुंच प्रदान करे, लेकिन उनकी रिलीज को रोके नहीं। यह कदम राष्ट्रपति ट्रंप के इस तकनीक के प्रति पहले के उदासीन रवैये से एक महत्वपूर्ण बदलाव होगा।