टिम कुक ने ऐपल से रिटायरमेंट की अटकलों पर लगाया विराम, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
ऐपल से विदाई लेने की अटकलों पर अब मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) टिम कुक ने विराम लगा दिया है। काफी समय से उनके रिटायर होने की अफवाहें चल रही थीं। कहा जा रहा था कि कुक लगभग 15 साल तक CEO रहने के बाद पद छोड़ने की योजना बना रहे हैं। अब उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी रिटायर होने की कोई योजना नहीं है। साथ ही साक्षात्कार में कहा कि उन्होंने इस बारे में कभी नहीं कहा।
बयान
पद छोड़ने के सवाल पर दिया यह जवाब
ABC से बातचीत में जब टिम कुक अपना पद छोड़ने के बारे में पूछा तो उन्होंने जवाब दिया, "नहीं, मैंने ऐसा कभी नहीं कहा है। मुझे अपना काम बेहद पसंद है। 28 साल पहले मैं ऐपल में आया था और तब से लेकर अब तक मैंने हर दिन का भरपूर आनंद लिया है।" आगे कहा कि उन्हें न केवल कंपनी का नेतृत्व करने में आनंद आता है, बल्कि वे इस भूमिका के बिना भविष्य की कल्पना भी नहीं कर सकते।
उपलब्धि
कंपनी को बढ़ाने में कुक का रहा योगदान
उनकी यह टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं, जब ऐपल ने अपनी 50वीं वर्षगांठ का जश्न शुरू कर दिया है। कुक ने 2011 में CEO का पदभार संभाला और उनके नेतृत्व में कंपनी का मूल्यांकन 350 अरब डॉलर (करीब 31,500 अरब रुपये) से बढ़कर 4,000 अरब डॉलर (करीब 3.6 लाख अरब रुपये) हो गया। इस साल की शुरुआत से अटकले लगाई गई कि कुक ऐपल छोड़ सकते हैं और हार्डवेयर इंजीनियरिंग प्रमुख जॉन टर्नस को नियुक्ति किया जा सकता है।