Page Loader
कोरोना वायरस की वजह से गूगल और फेसबुक समेत इन कंपनियों के टेक इवेंट्स हुए रद्द

कोरोना वायरस की वजह से गूगल और फेसबुक समेत इन कंपनियों के टेक इवेंट्स हुए रद्द

Mar 05, 2020
11:50 am

क्या है खबर?

पिछले साल के अंतिम दिन चीन के वुहान शहर में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया था। इसके बाद धीरे-धीरे यह वायरस फैलना शुरू हुआ और मार्च आते-आते 60 से ज्यादा देशों में फैल गया। अभी तक दुनियाभर में इसकी वजह से 3,204 लोग जान गंवा चुके हैं और 90,000 से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हैं। भारत में भी इसके 29 मामले सामने आ चुके हैं। बाकी चीजों के साथ-साथ टेक्नोलॉजी सेक्टर पर भी इसका प्रभाव पड़ रहा है।

कोरोना वायरस

कई टेक कंपनियों को लाखों डॉलर का नुकसान

कोरोना वायरस के प्रकोप के कारण ऐपल, फेसबुक, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन और गूगल जैसी कंपनियां लाखों डॉलर का नुकसान झेल चुकी हैं। ऐपल ने तो इस तिमाही अपनी बिक्री का अनुमान भी कम कर लिया है। कोरोना वायरस की वजह से कंपनियों की बिक्री पर ही असर नहीं पड़ रहा है बल्कि कई टेक इवेंट भी रद्द या स्थगित कर दिए गए हैं। आइये, ऐसे ही कुछ इवेंट्स पर एक नजर डालते हैं, जो इससे प्रभावित हुए हैं।

कोरोना वायरस का असर

शाओमी ने भारत में रद्द किया लॉन्च इवेंट

चीनी स्मार्टफोन कंपनी शाओमी ने भारत में अपने प्रोडक्ट लॉन्च इवेंट को रद्द कर दिया है। मार्च में कंपनी नई रेडमी नोट सीरीज लॉन्च करने वाली थी। कंपनी के ग्लोबल वाइस प्रेसिडेंट मनु कुमार जैन ने ट्वीटर पर इसकी जानकारी साझा की। वहीं रियलमी 5 मार्च को रियलमी 6 और 6 प्रो सीरीज पेश करने वाली थी। ये दोनों इवेंट अब डिजिटल होंगे। इन इवेंट के आयोजन को टाल दिया गया है।

कोरोना वायरस का असर

मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस का आयोजन हुआ रद्द

कोरोना वायरस के कारण फैली स्वास्थ्य चिंताओं के चलते दुनिया के सबसे बड़े फोन शो मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस (MWC) 2020 को रद्द कर दिया गया है। दरअसल, कई कंपनियों ने पहले ही खुद को इस इवेंट से दूर कर लिया था। इसका आयोजन 24-27 फरवरी को बार्सिलोना में होना था। इसके अलावा फेसबुक, ट्वीटर और अमेजन ने खुद को साउथ बाय साउथवेस्ट (SXSW) 2020 से खुद को अलग कर लिया है। हालांकि, अभी तक इसका आयोजन टला नहीं है।

कोरोना वायरस का असर

गेम डेवल्पर्स कांफ्रेंस का आयोजन स्थगित

दुनियाभर के गेम डेवल्पर्स की सबसे बड़ी कॉन्फ्रेंस गेम डेवल्पर्स कॉन्फ्रेंस (GDC) मार्च में होनी थी, लेकिन इसे आगे खिसका दिया गया है। कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते फेसबुक, सोनी, माइक्रोसॉफ्ट और इलेक्ट्रॉनिक आर्ट्स ने इसमें भाग लेने से मना कर दिया था। अब इसकी नई तारीखों का ऐलान किया जाएगा। गूगल ने भी कोरोना वायरस को देखते हुए अपने क्लाउड नेक्स्ट आयोजन को रद्द कर दिया है। यह 6-8 अप्रैल को होना था।

जानकारी

गूगल का साल का सबसे बड़ा सालाना इवेंट रद्द

गूगल ने अपना सालाना I/O इवेंट भी कोरोना वायरस के चलते रद्द कर दिया है। इसका आयोजन 12-14 मई के बीच कैलिफोर्निया में होना था। 2008 से शुरुआत के बाद यह पहली बार है जब इसका आयोजन रद्द हुआ है।

कोरोना वायरस का असर

फेसबुक और माइक्रोसॉफ्ट के बड़े इवेंट रद्द

फेसबुक ने भी अपनी F8 डेवल्पर्स कॉन्फ्रेंस रद्द कर दी है। इस इवेंट की बजाय फेसबुक अब लोकल इवेंट आयोजित करने पर विचार कर रही है, जिसकी लाइव-स्ट्रीमिंग की जाएगी। फेसबुक के अलावा माइक्रोसॉफ्ट ने वाशिंगटन में होने वाली MVP समिट को रद्द कर दिया है। इसका आयोजन 15-20 मार्च को होना था। अब इसके फिजिकल इवेंट की जगह ऑनलाइन इवेंट का आयोजन किया जाएगा। ऑरेकल ने भी अपने ओपन वर्ल्ड एशिया इवेंट का आयोजन स्थगित किया है।

जानकारी

अमेजन वेब सर्विस का मुंबई इवेंट रद्द

अमेजन की क्लाउड सर्विस अमेजन वेब सर्विस (AWS) ने घोषणा की है कि उसने कोरोना वायरस के कारण मुंबई में होने वाले इवेंट को रद्द कर दिया है। इसका आयोजन अगले महीने 7-9 तारीख को होना था।