डायबिटीज-मोटापे के इलाज के लिए फाउंडायो गोली को ब्रिटेन में मिली मंजूरी
दवा निर्माता कंपनी एली लिली की एक गोली फाउंडायो को अब यूनाइटेड किंगडम (UK) के नियामकों ने टाइप 2 डायबिटीज और मोटापा घटाने के लिए इस्तेमाल की मंजूरी दे दी है।
यह पहली बार है, जब किसी यूरोपीय देश ने इस दवा को इन दोनों समस्याओं के इलाज के लिए एक साथ मंजूरी दी है।
फिलहाल, यह दवा नेशनल हेल्थ सर्विस (NHS) पर उपलब्ध नहीं होगी, लेकिन फाउंडायो इसी महीने के आखिर में प्राइवेट प्रिस्क्रिप्शन के जरिए UK में लॉन्च हो जाएगी।
मौंजारो से सस्ती होने की उम्मीद
फाउंडायो कई मायनों में खास है। इसे दिन में सिर्फ एक बार लेना होता है और इसके साथ खाने-पीने से जुड़ी कोई खास पाबंदी भी नहीं है।
अनुमान है कि इसकी कीमत मौंजारो से कम होगी, जिसकी एक महीने की खुराक करीब 330 पाउंड (करीब 42,000 रुपये) की पड़ती है।
यह दवा UK में GLP-1 कैटेगरी की वेगोवी के बाद दूसरी ऐसी गोली है, जो इंजेक्शन के बजाय ली जा सकती है। यह मरीजों के लिए इलाज को आसान और सुलभ बनाएगी।