Loading...
बेंगलुरु के होटल ताज में 2 नाबालिग बेटियों की गला घोंटकर हत्या, आत्महत्या का प्रयास 
बेंगलुरु के होटल ताज में 2 नाबालिग बेटियों की गला घोंटकर हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)

बेंगलुरु के होटल ताज में 2 नाबालिग बेटियों की गला घोंटकर हत्या, आत्महत्या का प्रयास 

लेखन गजेंद्र
Aug 11, 2026
11:38 am

क्या है खबर?

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां के पांच सितारा होटल में एक व्यक्ति ने अपनी 2 नाबालिग बेटियों की हत्या कर दी, फिर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना सोमवार को केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के सामने स्थित ताज होटल में हुई है। आरोपी पिता की पहचान एसजी इमरान (45) के तौर पर हुई है, जो बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में प्रबंधक है। मृतक बेटियां शेख जोया (10) और शेख जेहरा (8) हैं।

घटना

क्या है पूरा मामला?

इमरान रविवार शाम साढ़े 5 बजे दोनों बेटियों के साथ होटल पहुंचे थे। वे चौथी मंजिल के एक कमरे में रुके थे।

सोमवार शाम को 4 बजे, एक हाउसकीपर कमरे की सफाई करने पहुंचा तो दरवाजा बंद था। कोई जवाब न मिलने पर होटल कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी मास्टर चाबी से अंदर दाखिल हुए, तो दंग रह गए।

उन्होंने देखा कि दोनों बच्चियों के शव बिस्तर पर थे, जबकि इमरान घायल अवस्था में बाथरूम में थे। फर्श पर खून फैला था।

जांच

पत्नी से परेशान था इमरान, झगड़े के बाद ली बेटियों की जान

पुलिस ने बताया कि होटल कर्मचारियों ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां बेटियों को मृत घोषित कर दिया गया। इमरान की हालत गंभीर है।

पुलिस को कमरे से एक नोट मिला है, जिसमें उसने बेटियों की हत्या की बात कबूली है और पत्नी के साथ वैवाहिक विवाद का जिक्र किया है।

उसने लिखा है कि पत्नी का किसी और के साथ संबंध है, जिसके सबूत उसके पास है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ADVERTISEMENT

जांच

इमरान से अलग रह रही थी पत्नी

पुलिस ने बताया कि इमरान अपनी बेटियों के साथ नागवारा मेन रोड स्थित बिलाल नगर में रहता था, जबकि उसकी पत्नी पिछले कुछ महीनों से अलग रह रही थी।

एक प्राइवेट कैब कंपनी में प्रबंधक इमरान ने नोट में लिखा है कि वह पत्नी की वजह से जिंदगी से तंग आ चुका है, इसलिए अपनी बेटियों के अपने साथ ले जा रहा है।

पुलिस ने दोनों बेटियों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

ADVERTISEMENT

जानकारी

आत्महत्या के विचार पर यहां से लें सहायता

अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।

ADVERTISEMENT