भारत में टेलीग्राम पर लगा अस्थायी प्रतिबंध हटा, प्ले स्टोर और ऐप स्टोर पर लौटा ऐप
क्या है खबर?
लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम पर भारत में लगा अस्थायी प्रतिबंध हट गया है। NEET-UG की दोबारा होने वाली परीक्षा के मद्देनजर केंद्र सरकार ने 22 जून तक इस प्लेटफॉर्म पर अस्थायी रोक लगाई थी। प्रतिबंध हटने के बाद अब टेलीग्राम ऐप ऐपल ऐप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर पर दोबारा डाउनलोड के लिए उपलब्ध हो गया है। कई यूजर्स के लिए मैसेजिंग सेवाएं सामान्य होने लगी हैं, लेकिन कुछ लोगों को अभी भी मैसेज भेजने में परेशानी हो रही है।
अपडेट
टेलीग्राम नहीं चल रहा तो पहले करें अपडेट
अगर आपके फोन में टेलीग्राम अभी भी काम नहीं कर रहा है, तो सबसे पहले ऐप का नया वर्जन इंस्टॉल करें। इसके लिए एंड्रॉयड यूजर्स गूगल प्ले स्टोर और आईफोन यूजर्स ऐपल ऐप स्टोर पर जाकर अपडेट की जांच कर सकते हैं। कई बार पुराने वर्जन की वजह से ऐप ठीक तरह से काम नहीं करता और सर्वर से कनेक्ट होने में दिक्कत आती है। ऐसे में नया अपडेट डाउनलोड करने से समस्या दूर हो सकती है।
रीस्टार्ट
ऐप को पूरी तरह बंद करके दोबारा खोलें
टेलीग्राम अपडेट करने के बाद ऐप को पूरी तरह बंद करके फिर से खोलना भी फायदेमंद हो सकता है। एंड्रॉयड यूजर्स फोन की सेटिंग्स में जाकर ऐप्स सेक्शन में टेलीग्राम चुनकर फोर्स स्टॉप कर सकते हैं। वहीं, आईफोन यूजर्स ऐप स्विचर से टेलीग्राम को बंद कर सकते हैं। इसके बाद ऐप को दोबारा खोलने पर यह सर्वर के साथ नया कनेक्शन बनाता है, जिससे कई मामलों में चैट और मैसेजिंग से जुड़ी दिक्कतें दूर हो जाती हैं।
फीचर
मैसेज एडिट फीचर अभी भी रहेगा बंद
टेलीग्राम की सामान्य सेवाएं आज से बहाल हो रही हैं, लेकिन पहले जारी निर्देशों के अनुसार मैसेज एडिट करने वाला फीचर 30 जून तक बंद रह सकता है। अधिकारियों ने NEET-UG री-एग्जाम से जुड़ी सामग्री के प्रसार की आशंका के चलते यह अस्थायी प्रतिबंध लगाया था। अब सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं, लेकिन कुछ यूजर्स को सभी फीचर्स पूरी तरह वापस मिलने में अभी थोड़ा और समय लग सकता है।