टेलीग्राम कुछ देर के लिए ऐप स्टोर से हटाया गया, अब फिर हुआ बहाल
क्या है खबर?
लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम ऐपल के ऐप स्टोर से कुछ समय के लिए गायब होने के बाद वापस रिस्टोर हो गया है। कंपनी ने बताया कि ऐप को दोबारा उपलब्ध करा दिया गया है और जल्द ही सभी यूजर्स इसे इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि, टेलीग्राम ने यह नहीं बताया कि ऐप आखिर ऐप स्टोर से क्यों हटाया गया था। फिलहाल यह भी साफ नहीं है कि इसे ऐपल ने हटाया था या कोई तकनीकी या नियमों से जुड़ी वजह थी।
ऐप
पहले भी कई बार हट चुका है ऐप
टेलीग्राम को इससे पहले भी अलग-अलग कारणों से ऐप स्टोर से हटाया जा चुका है।
वर्ष 2018 में गलत कंटेंट को लेकर ऐपल ने टेलीग्राम और टेलीग्राम एक्स को अस्थायी रूप से हटा दिया था। बाद में सुरक्षा उपाय बढ़ाने के बाद दोनों ऐप वापस आ गए।
अप्रैल, 2024 में चीन सरकार के आदेश पर ऐपल ने चीन के ऐप स्टोर से टेलीग्राम समेत कई मैसेजिंग ऐप भी हटा दिए थे।
विवाद
कई देशों में कानूनी विवादों का सामना
टेलीग्राम और इसके संस्थापक पावेल डुरोव इस समय कई देशों में कानूनी और नियामकीय जांच का सामना कर रहे हैं।
भारत में भी NEET-UG 2026 दोबारा परीक्षा के दौरान प्लेटफॉर्म पर कुछ समय के लिए सार्वजनिक पहुंच रोकी गई थी।
अधिकारियों का कहना था कि कुछ चैनलों के जरिए फर्जी जानकारी और परीक्षा से जुड़े घोटालों को बढ़ावा दिया जा रहा था। बाद में दिल्ली हाई कोर्ट ने भी इस अस्थायी रोक को सही माना।
मुश्किलें
दूसरे देशों में भी बढ़ी मुश्किलें
टेलीग्राम को ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, रूस, ब्राजील और स्पेन जैसे देशों में भी अलग-अलग मामलों को लेकर जांच और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।
आरोपों में कंटेंट की निगरानी, कानून लागू करने वाली एजेंसियों से सहयोग, कॉपीराइट उल्लंघन और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।
हालांकि, टेलीग्राम ने कई आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि वह कानूनी प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष मजबूती से रखेगा।