स्विगी और जियोहॉटस्टार ने शुरू की नई सुविधा, IPL देखते-देखते ऐप में ऑर्डर कर सकेंगे खाना
क्या है खबर?
जियोहॉटस्टार और स्विगी ने मिलकर नया फूड ऑर्डर फीचर शुरू किया है। इस सुविधा के जरिए लोग अब लाइव IPL देखते समय सीधे ऐप के अंदर ही खाना मंगा सकते हैं। इसके लिए अलग से किसी दूसरे ऐप पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कंपनियों का कहना है कि यह फीचर दर्शकों को मैच के दौरान आसान और तेज अनुभव देने के लिए लाया गया है। क्रिकेट सीजन के दौरान लाखों लोग इस नई सुविधा का इस्तेमाल कर चुके हैं।
शहर
690 से ज्यादा शहरों में शुरू हुई सुविधा
कंपनियों के अनुसार, यह नया फीचर फिलहाल देश के 690 से ज्यादा शहरों में उपलब्ध कराया गया है। इसमें यूजर्स ऐप के अंदर ही रेस्टोरेंट खोज सकते हैं, खास ऑफर देख सकते हैं और अपने ऑर्डर की लाइव जानकारी भी हासिल कर सकते हैं। यह सुविधा खास तौर पर मोबाइल यूजर्स के लिए तैयार की गई है। कंपनियों का कहना है कि आने वाले समय में इस सेवा को और ज्यादा शहरों तक पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है।
फूड ऑर्डर
मैच के दौरान तेजी से बढ़े फूड ऑर्डर
कंपनियों ने बताया कि लाइव मैचों के दौरान सबसे ज्यादा बर्गर ऑर्डर किए गए। इस बार बर्गर ने बिरयानी को भी पीछे छोड़ दिया। एक यूजर ने पूरे सीजन में 34 अलग-अलग ऑर्डर किए, जबकि एक ग्राहक ने एक बार में 100 से ज्यादा बर्गर मंगाए। रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे बड़ा ऑर्डर 6,801 रुपये का रहा। वहीं सबसे तेज डिलीवरी सिर्फ 10 मिनट 42 सेकंड में पूरी की गई, जिसे कंपनियों ने बड़ी उपलब्धि बताया है।
अभियान
'मैच ऑन, मंच ऑन' अभियान भी शुरू
इस नई सुविधा को लोकप्रिय बनाने के लिए कंपनियों ने "मैच ऑन, मंच ऑन" नाम से अभियान भी शुरू किया है। यह कैंपेन सोशल मीडिया, टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चलाया जा रहा है। जियोहॉटस्टार का कहना है कि भविष्य में ऐप में और भी ऐसे फीचर जोड़े जाएंगे, जिनसे दर्शकों को मैच देखते समय ज्यादा इंटरैक्टिव अनुभव मिल सके। कंपनियों के अनुसार, अब लोग सिर्फ मैच देखने तक सीमित नहीं रहना चाहते हैं।