व्हाट्सऐप पर ऐसे मैसेज आते ही हो जाएं अलर्ट, वरना हो सकता है बड़ा नुकसान
क्या है खबर?
भारत में करोड़ों लोग रोजाना व्हाट्सऐप का इस्तेमाल करते हैं। इसकी लोकप्रियता के कारण यह साइबर ठगों का भी बड़ा निशाना बन गया है। फर्जी नौकरी, लॉटरी, निवेश, बैंक और पहचान बदलकर भेजे जाने वाले मैसेज के जरिए लोगों को ठगने की कोशिश की जाती है। कई बार अनजान लोग भरोसा जीतने के बाद धोखाधड़ी करते हैं। ऐसे में हर मैसेज पर सोच-समझकर प्रतिक्रिया देना और सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
#1
अनजान नंबर और लिंक से हमेशा सावधान रहें
अगर किसी अनजान नंबर से अचानक मैसेज आए या आकर्षक नौकरी, इनाम या जरूरी मदद की बात कही जाए तो उस पर तुरंत भरोसा न करें। ऐसे लोगों से बातचीत बढ़ाने से बचें और जरूरत पड़ने पर नंबर ब्लॉक कर दें। किसी अनजान व्यक्ति के भेजे लिंक पर क्लिक न करें। बैंक, सरकारी विभाग या दूसरी भरोसेमंद संस्थाएं व्हाट्सऐप पर लिंक भेजकर कभी भी लॉगिन या जानकारी नहीं मांगती हैं।
#2
OTP और पैसों की मांग पर तुरंत सतर्क हो जाएं
कोई भी बैंक, कंपनी या सरकारी विभाग व्हाट्सऐप पर OTP नहीं मांगता है। इसलिए OTP, पासवर्ड या दूसरी निजी जानकारी किसी के भी साथ जल्दी साझा न करें। अगर कोई स्क्रीन शेयर करने के लिए कहे तो साफ मना कर दें। वहीं, परिवार या रिश्तेदार बनकर नए नंबर से पैसे मांगने वाले मैसेज की भी पहले पुष्टि करें। हमेशा पुराने नंबर पर कॉल करके जानकारी की सच्चाई जरूर जांच लें।
#3
व्हाट्सऐप की सुरक्षा सेटिंग्स जरूर चालू रखें
व्हाट्सऐप में अपनी प्रोफाइल फोटो, स्टेटस और आखिरी बार ऑनलाइन दिखने की जानकारी केवल कॉन्टैक्ट्स तक सीमित रखें। अनजान कॉल करने वालों को साइलेंट करने का विकल्प भी चालू करें। अकाउंट में टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय कर छह अंकों का सुरक्षा पिन जरूर सेट करें। किसी भी संदिग्ध मैसेज या नंबर को तुरंत रिपोर्ट और ब्लॉक करें। थोड़ी सी सावधानी आपकी निजी जानकारी और बैंक खाते को सुरक्षित रख सकती है।