LOADING...
स्पेस-X ने लॉन्च किया स्टारफॉल कैप्सूल, अंतरिक्ष से सामान वापस लाने की होगी टेस्टिंग
स्पेस-X ने लॉन्च किया स्टारफॉल कैप्सूल

स्पेस-X ने लॉन्च किया स्टारफॉल कैप्सूल, अंतरिक्ष से सामान वापस लाने की होगी टेस्टिंग

Jun 23, 2026
04:26 pm

क्या है खबर?

स्पेस-X ने अपने नए स्टारफॉल री-एंट्री कैप्सूल का पहला डेमोंस्ट्रेशन मिशन लॉन्च कर दिया है। आज (23 जून) शाम करीब 4:20 बजे यह मिशन फ्लोरिडा के केप कैनावेरल स्पेस फोर्स स्टेशन से फाल्कन-9 रॉकेट के जरिए भेजा गया। यह मिशन इसलिए खास माना जा रहा है, क्योंकि इसके जरिए पहली बार स्टारफॉल की अंतरिक्ष से सामान को सुरक्षित तरीके से वापस पृथ्वी पर लाने की क्षमता का वास्तविक परीक्षण किया जाएगा।

काम

अंतरिक्ष से सामान वापस लाने के लिए बनाया गया कैप्सूल

स्टारफॉल एक छोटा और पूरी तरह स्वचालित री-एंट्री कैप्सूल है, जिसे लो-अर्थ ऑर्बिट से कीमती सामान और वैज्ञानिक सामग्री वापस लाने के लिए विकसित किया गया है। इसका व्यास करीब 10 फुट यानी 3.1 मीटर और ऊंचाई लगभग 2.5 फुट यानी 0.75 मीटर है। यह एक बार में लगभग 1,000 किलोग्राम तक पेलोड ले जा सकता है। इसका डिजाइन पारंपरिक शंकु आकार के कैप्सूल से अलग एक डिस्क के आकार का है।

टेस्ट

री-एंट्री और रिकवरी तकनीक होगी टेस्ट

इस मिशन में स्टारफॉल की वायुमंडल में दोबारा प्रवेश करने, अत्यधिक गर्मी झेलने और सुरक्षित लैंडिंग की क्षमता को परखा जाएगा। कैप्सूल में एक खास हीट शील्ड लगाई गई है, जो पृथ्वी के वातावरण में प्रवेश के दौरान पैदा होने वाले बेहद ऊंचे तापमान से इसे सुरक्षित रखेगी। इसके बाद पैराशूट की मदद से यह प्रशांत महासागर में उतरेगा। स्पेस-X इस मिशन के जरिए संचार प्रणाली और समुद्री रिकवरी से जुड़ा महत्वपूर्ण डाटा भी जुटाएगा।

Advertisement

मिशन

भविष्य के स्पेस उद्योग के लिए अहम माना जा रहा मिशन

स्टारफॉल को ऐसे उत्पादों और वैज्ञानिक प्रयोगों को पृथ्वी पर वापस लाने के लिए बनाया गया है, जिन्हें माइक्रोग्रैविटी वाले अंतरिक्ष वातावरण में तैयार किया जाता है। इनमें नई दवाएं, उन्नत सामग्री और दूसरी अत्याधुनिक तकनीकें शामिल हो सकती हैं। स्पेस-X का मानना है कि अगर यह मिशन सफल रहता है, तो भविष्य में कम लागत पर बार-बार इस्तेमाल किए जा सकने वाले कार्गो रिटर्न स्पेसक्राफ्ट का नया दौर शुरू हो सकता है, जिससे अंतरिक्ष आधारित मैनुफैक्चरिंग को गति मिलेगी।

Advertisement