
आज अंतरिक्ष यात्रियों के लिए सामान लेकर स्पेस स्टेशन पहुंचेगा स्पेस-X का ड्रैगन कैप्सूल
क्या है खबर?
स्पेस-X का ड्रैगन कार्गो कैप्सूल आज (22 अप्रैल) शाम अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) पर पहुंचेगा।
यह मिशन कंपनी का नासा के लिए 32वां मालवाहक मिशन है, जिसे 21 अप्रैल को फ्लोरिडा के स्पेस कोस्ट से लॉन्च किया गया था।
अगर सब कुछ योजना अनुसार हुआ, तो यह कैप्सूल भारतीय समयानुसार आज शाम 05:50 बजे स्टेशन के हार्मनी मॉड्यूल से जुड़ जाएगा। इसकी लाइव स्ट्रीमिंग शाम 04:15 बजे से नासा की वेबसाइट पर देखी जा सकती है।
सामान
भेजा गया 3,040 किलोग्राम सामान
ड्रैगन कैप्सूल ISS में मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों के लिए लगभग 3,040 किलोग्राम वजन की आपूर्ति लेकर गया है। इसमें खाना, रोजमर्रा की चीजें और कई वैज्ञानिक प्रयोग शामिल हैं।
नासा के मुताबिक, इसमें एक नई वायु गुणवत्ता निगरानी प्रणाली है जो भविष्य में चंद्रमा और मंगल अभियानों के दौरान क्रू की सुरक्षा में मदद करेगी।
इसके अलावा, इसमें 2 परमाणु घड़ियां भी हैं, जो समय के सटीक माप और सापेक्षता के सिद्धांत से जुड़ी जांचों के लिए भेजी गई हैं।
वापसी
वापसी में लाएगा वैज्ञानिक डाटा और कचरा
ड्रैगन कैप्सूल मई में पृथ्वी पर वापस लौटेगा और उसमें अंतरिक्ष में किए गए प्रयोगों के नमूने और कुछ कचरा लाया जाएगा।
यह इस समय का एकमात्र ऐसा मालवाहक यान है, जो सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर लौट सकता है। अन्य यान आमतौर पर वायुमंडल में जल जाते हैं।
यह वापसी वैज्ञानिकों को पृथ्वी पर उच्च गुणवत्ता वाला डाटा और सैंपल उपलब्ध कराती है, जिससे वे गहराई से अध्ययन कर पाते हैं।