SMC के ठेकेदार ने चीन को एनवीडिया चिप्स का गैर-कानूनी निर्यात की बात कबूली
क्या है खबर?
सुपर माइक्रो कंप्यूटर (SMC) से जुड़े ठेकेदार ने कंप्यूटर सर्वर के जरिए चीन को एडवांस्ड एनवीडिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स गैर-कानूनी रूप से निर्यात करने का जुर्म कबूल कर लिया है। यह कबूलनामा मैनहट्टन की अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में दर्ज किया गया। इस कथित स्कीम की शुरुआत 2024 के आस-पास हुई थी। इसमें चीन में मौजूद असली खरीदारों की पहचान छिपाने के लिए दक्षिण-पूर्व एशिया की एक कंपनी का इस्तेमाल एक जरिया (पास-थ्रू एंटिटी) के तौर पर किया गया था।
आरोप
क्या है ठेकेदार पर आराेप?
मार्च में अमेरिकी अभियोजकों ने टिंग-वेई 'विली' सन और सुपर माइक्रो के 2 अन्य सहयोगियों पर निर्यात कानूनों का उल्लंघन करके लगभग 2.5 अरब डॉलर (करीब 230 अरब रुपये) की अमेरिकी AI टेक्नोलॉजी को चीन भेजने की साजिश रचने का आरोप लगाया।
आरोप पत्र में बताया गया कि एनवीडिया के B200, H100 और H200 ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट्स (GPUs) और उनमें लगे सर्वर कॉमर्स कंट्रोल लिस्ट में शामिल हैं और राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं के कारण इन पर कई पाबंदियां लागू हैं।
विवाद
अमेरिका-चीन में बढ़ सकता है विवाद
यह मामला AI टेक्नोलॉजी में अमेरिका और चीन के बीच बढ़ती प्रतिद्वंद्विता को उजागर करता है।
दोनों देश आर्थिक विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा, सैन्य और साइबर सुरक्षा क्षमताओं के लिए इस अहम टेक्नोलॉजी में अरबों डॉलर का निवेश कर रहे हैं।
इन चिंताओं के जवाब में वाशिंगटन ने बिना लाइसेंस के चीन को एडवांस्ड AI चिप्स और सर्वर सिस्टम के निर्यात पर कड़े नियंत्रण लागू कर दिए हैं। इस मामले से दोनों देशों के बीच नया विवाद खड़ा हो सकता है।