LOADING...
शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन के लिए 29 मई को भरेंगे उड़ान
शुभांशु शुक्ला ISS के लिए 29 मई को भरेंगे उड़ान (तस्वीर: एक्सिओम स्पेस)

शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन के लिए 29 मई को भरेंगे उड़ान

Apr 29, 2025
08:26 pm

क्या है खबर?

भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला 29 मई को अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) के लिए उड़ान भरेंगे। वह एक्सिओम मिशन-4 के तहत स्पेस-X के ड्रैगन अंतरिक्ष यान से अंतरिक्ष में जाएंगे। इस मिशन में उनके साथ पोलैंड और हंगरी के यात्री और नासा की अनुभवी अंतरिक्ष यात्री पैगी व्हिटसन भी होंगी। यह उड़ान भारत के अंतरिक्ष मिशनों की नई शुरुआत मानी जा रही है, क्योंकि इससे पहले 1984 में राकेश शर्मा ने सोवियत यान से उड़ान भरी थी।

मौका

पहली बार कोई भारतीय पहुंचेगा अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन 

शुक्ला ISS पहुंचने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री होंगे। उन्होंने भारत, रूस और अमेरिका में कड़ी ट्रेनिंग ली है। वह एक सम्मानित परीक्षण पायलट हैं और उन्हें 2019 में भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए चुना गया था। शुक्ला के पास 2,000 घंटे से ज्यादा उड़ान का अनुभव है। एक्सिओम मिशन-4 नासा, स्पेस-X, ISRO और एक्सिओम स्पेस के बीच साझेदारी से हो रहा है, जो भारत की बढ़ती वैश्विक भागीदारी को दिखाता है।

लाभ

गगनयान की तैयारी में मददगार होगा यह मिशन 

अपने 14 दिन के अंतरिक्ष प्रवास के दौरान शुक्ला कई वैज्ञानिक प्रयोग करेंगे। इनमें गगनयान मिशन से जुड़ी जीवन प्रणाली का परीक्षण, अंतरिक्ष यान संचालन और ऑनबोर्ड सिस्टम का सहयोग शामिल है। यह मिशन भारत के मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम 'गगनयान' के लिए एक मजबूत आधार तैयार करेगा, जिसे 2026 में लॉन्च किया जाना है। शुक्ला की यह उड़ान न केवल तकनीकी दृष्टि से अहम है बल्कि भारत के युवाओं को प्रेरणा देने का भी काम करेगी।