सैमसंग की करीब 130 अरब रुपये के निवेश से चिप टेस्टिंग प्लांट लगाने की योजना
सैमसंग वियतनाम की राजधानी हनोई शहर के ठीक बाहर अपना पहला सेमीकंडक्टर टेस्टिंग प्लांट लगाने जा रहा है। इस पर कंपनी 1.5 अरब डॉलर (करीब 130 अरब रुपये) का भारी निवेश कर रही है।
यह नया प्लांट नवंबर 2027 तक काम करना शुरू कर देगा। दरअसल, मेमोरी चिप्स की वैश्विक कमी को दूर करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए सैमसंग ने यह कदम उठाया है।
सफलता मिलने पर करेगी अतिरिक्त निवेश
इस प्लांट का काम पहले से ही शुरू हो चुका है, जिसमें 200 से ज्यादा इंजीनियर और कर्मचारी लगे हुए हैं। यह प्लांट DRAM और NAND चिप्स बनाने पर केंद्रित होगा। हालांकि, ये चिप्स सीधे तौर पर लेटेस्ट AI तकनीक से नहीं जुड़े हैं, फिर भी इनकी बाजार में काफी मांग है।
कंपनी का इरादा है कि अगर, मुनाफा हुआ तो वह करीब 2.5 अरब डॉलर (करीब 230 अरब रुपये) तक फिर से निवेश करेगी। इस राशि से एक और फैक्टरी लगाई जाएगी, जिससे उत्पादन में और भी तेजी आएगी।
यह पूरा प्रोजेक्ट वियतनाम में सैमसंग के कुल 23 अरब डॉलर (करीब 2,100 अरब रुपये) से ज्यादा के बड़े निवेश का हिस्सा है, जहां कंपनी पहले से ही स्मार्टफोन और टैबलेट बनाती है।