सैमसंग के नए स्मार्ट चश्में की तस्वीरें हुईं लीक, जानिए क्या कुछ मिलेंगे फीचर्स
क्या है खबर?
टेक कंपनी सैमसंग जल्द ही अपने नए स्मार्ट ग्लास लॉन्च कर सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी इस साल के आखिर तक बिना स्क्रीन वाले स्मार्ट ग्लास पेश करने की तैयारी कर रही है। हाल ही में इसकी कुछ तस्वीरें लीक हुई हैं, जिनमें यह सामान्य चश्मे जैसा ही दिखता है। इसमें डुअल कैमरा दिया गया है। पहली नजर में यह साधारण फ्रेम जैसा लगता है, जिससे इसे पहनना आसान और आरामदायक माना जा रहा है।
फीचर्स
कैमरा और वॉइस कंट्रोल होंगे खास फीचर
इस स्मार्ट ग्लास में सामने की तरफ कैमरा लगा होगा, जिससे यह आसपास की चीजों को पहचान सकेगा। इसमें वॉइस कमांड के जरिए काम करने की सुविधा मिलेगी, यानी यूजर बोलकर इसे कंट्रोल कर सकेंगे। यह एंड्रॉयड एक्सआर सिस्टम पर चलेगा, जिससे कई स्मार्ट फीचर्स मिलेंगे। बिना स्क्रीन होने के बावजूद यह ग्लास उपयोगी जानकारी और अनुभव देने में सक्षम होगा और रोजमर्रा के कामों में मदद करेगा।
डिजाइन
स्पेसिफिकेशन और डिजाइन की जानकारी
रिपोर्ट के अनुसार, इसमें क्वालकॉम प्रोसेसर, 12 मेगापिक्सल कैमरा और छोटी बैटरी दी जा सकती है। इसका वजन करीब 50 ग्राम बताया जा रहा है, जिससे यह हल्का रहेगा। इसमें बोन कंडक्शन स्पीकर भी मिल सकते हैं, जिससे बिना ईयरफोन के आवाज सुनी जा सकेगी। कंपनी इसके कई मॉडल पर काम कर रही है, जिनमें भविष्य में स्क्रीन वाला वर्जन भी शामिल हो सकता है, जो और ज्यादा फीचर देगा।
कीमत
कीमत और लॉन्च को लेकर संकेत
इस स्मार्ट ग्लास की कीमत करीब 30,000 रुपये से 40,000 रुपये के बीच हो सकती है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। माना जा रहा है कि कंपनी इसे जल्द ही किसी बड़े इवेंट में पेश कर सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले महीनों में इसकी और जानकारी सामने आ सकती है। सैमसंग पहले भी नए वियरेबल डिवाइस लॉन्च करता रहा है, इसलिए इस ग्लास को लेकर बाजार में काफी उत्सुकता देखी जा रही है।