सैमसंग गैलेक्सी S26 अल्ट्रा में मिला दुनिया का पहला स्मार्टफोन प्राइवेसी डिस्प्ले, कैसे करता है काम?
क्या है खबर?
सैमसंग का गैलेक्सी S26 अल्ट्रा आज (25 फरवरी) लॉन्च हो गया है। इस स्मार्टफोन में कंपनी ने एक नया प्राइवेसी डिस्प्ले फीचर पेश किया है, जिसने कई लोगों का ध्यान खींचा है। यह फीचर स्क्रीन के व्यूइंग एंगल को सीमित कर देता है, जिससे आसपास बैठे लोग फोन की स्क्रीन साफ नहीं देख पाते। मौजूदा समय में जहां हार्डवेयर इनोवेशन धीमा माना जा रहा है, वहां यह नया फीचर यूजर्स को कुछ अलग और उपयोगी अनुभव देता है।
काम
कैसे काम करती है यह तकनीक?
यह तकनीक पूरी तरह नई नहीं है, क्योंकि पहले कुछ प्रीमियम लैपटॉप और बिजनेस डिवाइस में ऐसी सुविधा मिलती है। हालांकि, स्मार्टफोन में इसे पहली बार उन्नत तरीके से लागू किया गया है। डिस्प्ले में दो तरह के पिक्सल सेट होते हैं, जो खास सॉफ्टवेयर कंट्रोल के साथ काम करते हैं। एक सीधे सामने देखने वाले को साफ इमेज दिखाता है, जबकि दूसरा साइड एंगल पर लाइट और ब्राइटनेस कम कर देता है, जिससे स्क्रीन धुंधली दिखाई देती है।
सेटिंग
ऑन-ऑफ और एडवांस सेटिंग का विकल्प
इस फीचर की खास बात यह है कि इसे जरूरत के अनुसार किसी भी समय आसानी से ऑन या ऑफ किया जा सकता है। जब प्राइवेसी मोड चालू होता है, तो साइड से देखने पर टेक्स्ट और तस्वीरें काफी धुंधली, कम कंट्रास्ट वाली और पढ़ने में कठिन नजर आती हैं। अगर कोई व्यक्ति बिल्कुल पीछे खड़ा हो तो उसे थोड़ा बहुत कंटेंट दिख सकता है, लेकिन साइड एंगल से दृश्य काफी सीमित और अस्पष्ट हो जाता है।
सुविधा
कस्टमाइजेशन से बढ़ी सुविधा
सैमसंग ने इस प्राइवेसी डिस्प्ले को कई तरह से कस्टमाइज करने का विकल्प भी दिया है। यूजर अपनी जरूरत के अनुसार इसकी तीव्रता और प्रभाव को एडजस्ट कर सकते हैं। डिस्प्ले सेटिंग में जाकर इसे आसानी से सक्रिय किया जा सकता है। यह फीचर खासतौर पर पब्लिक जगहों पर फोन इस्तेमाल करने वालों के लिए बहुत ज्यादा उपयोगी साबित हो सकता है, जहां स्क्रीन प्राइवेसी बनाए रखना जरूरी होता है।