आईफोन 18 की लॉन्चिंग के साथ बढ़ा ठगी का खतरा, नकली वेबसाइटों से ऐसे रहें सावधान
क्या है खबर?
ऐपल के नए आईफोन खरीदने की चाह रखने वाले ग्राहकों को ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की जरूरत है। लॉन्च और प्री-ऑर्डर के दौरान जालसाज नकली वेबसाइट बनाकर भारी छूट और जल्दी फोन देने का दावा कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, आईफोन 18 प्रो और आईफोन मैक्स लॉन्च किए गए हैं, जबकि फोल्डेबल आईफोन डुओ बाद में बिक्री के लिए आएगा। इसी बीच संदिग्ध वेबसाइटों और डोमेन की संख्या तेजी से बढ़ी है।
ठगी
नकली वेबसाइट बनाकर ग्राहकों को फंसा रहे जालसाज
जालसाज असली दुकानों जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट तैयार कर रहे हैं।
इन पर नए आईफोन की तस्वीरें, फीचर्स, कीमत, ग्राहक रिव्यू और प्रोफेशनल भुगतान पेज दिखाए जाते हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से ऐसी वेबसाइटों को और भरोसेमंद बनाया जा रहा है।
कई साइटें असली कीमत से काफी कम दाम पर फोन देने का दावा करती हैं। कुछ वेबसाइटों पर फोन लॉन्च होने से पहले ही खरीदने का विकल्प भी दिखाया गया था।
दबाव
सस्ती कीमत और जल्दी खरीदने का दबाव
ठगी करने वाली वेबसाइटें ग्राहकों को जल्द फैसला लेने के लिए कई तरह के मैसेज दिखाती हैं।
इनमें सीमित स्टॉक, कुछ ही मिनटों में ऑफर खत्म होने और काउंटडाउन जैसे विकल्प शामिल होते हैं। जालसाज बैंक ट्रांसफर या क्रिप्टोकरेंसी से भुगतान करने को कह सकते हैं, जिससे पैसा वापस पाना मुश्किल होता है।
कुछ वेबसाइटें ऐसे फोन की बिक्री भी दिखाती हैं, जो अभी बाजार में उपलब्ध ही नहीं हैं।
सुरक्षा
इन तरीकों से ऑनलाइन ठगी से रहें सुरक्षित
ग्राहकों को आईफोन खरीदने के लिए सीधे ऐपल की आधिकारिक वेबसाइट या पहले से भरोसेमंद अधिकृत विक्रेता की वेबसाइट खोलनी चाहिए।
किसी विज्ञापन, ईमेल या मैसेज में आए अनजान लिंक पर क्लिक न करें। कीमत, मॉडल और बिक्री की तारीख आधिकारिक जानकारी से जरूर मिलाएं। केवल बैंक ट्रांसफर या क्रिप्टोकरेंसी मांगने वाली साइट से सावधान रहें।
अगर बैंक संबंधी जानकारी साझा हो गई है, तो तुरंत बैंक से संपर्क कर पासवर्ड बदलें।