शॉपिंग के लिए AI पर भरोसा करना पड़ सकता है भारी, नकली वेबसाइट सुझा रहे चैटबॉट
क्या है खबर?
अगर आप ऑनलाइन खरीदारी के लिए ChatGPT, गूगल जेमिनी या परप्लेक्सिटी जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद लेते हैं, तो सावधान रहने की जरूरत है। द वर्ज की रिपोर्ट के अनुसार, एक नई रिसर्च में सामने आया है कि ये चैटबॉट यूजर्स को नकली शॉपिंग वेबसाइट और संदिग्ध विक्रेताओं तक पहुंचा सकते हैं। सुरक्षा फर्म पॉडकी ने 151 ब्रांड से जुड़े 6,795 जवाबों की जांच की, जिसमें तीनों AI टूल्स ने जोखिम भरी वेबसाइटों का सुझाव दिया।
परप्लेक्सिटी
परप्लेक्सिटी के जवाबों में सबसे ज्यादा जोखिम भरे लिंक
रिसर्च में परप्लेक्सिटी के 15 प्रतिशत जवाबों में संदिग्ध वेबसाइट के लिंक मिले, जबकि ChatGPT के 8 प्रतिशत जवाबों में ऐसे लिंक सामने आए।
गूगल जेमिनी का प्रदर्शन बाकी दोनों से बेहतर रहा और उसके केवल 4 प्रतिशत जवाबों में जोखिम भरी वेबसाइट का जिक्र था।
हालांकि, यूजर्स को ऐसी वेबसाइट से सावधान करने के मामले में ChatGPT आगे रहा। उसने 24 प्रतिशत मामलों में संभावित खतरे को लेकर चेतावनी दी है।
खतरा
छोटे ब्रांड और क्षेत्रीय वेबसाइटों पर ज्यादा खतरा
रिसर्च के दौरान लुलुलेमन, बिरकेनस्टॉक और स्टुसी समेत 151 ब्रांड के बारे में चैटबॉट्स से सवाल पूछे गए।
इनमें प्रोडक्ट खरीदने की सही वेबसाइट और दूसरे देशों में सामान भेजने की सुविधा से जुड़े सवाल शामिल थे। नतीजों में छोटे ब्रांड ज्यादा प्रभावित दिखे। क्षेत्रीय वेबसाइट खोजने पर गलत सुझाव मिलने की आशंका भी बढ़ गई।
कुछ मामलों में चैटबॉट्स ने ऐसे ब्रांड की नकली वेबसाइट सुझाई, जिनकी आधिकारिक क्षेत्रीय वेबसाइट मौजूद ही नहीं थी।
बयान
गूगल, OpenAI और परप्लेक्सिटी ने क्या कहा?
पॉडकी के प्रमुख ट्रेवर वेस्ट ने यूजर्स को सलाह दी कि वे AI ई से मिली जानकारी पर भरोसा करने से पहले वेबसाइट की असलियत जांच लें।
गूगल ने कहा कि जेमिनी गलतियां कर सकता है, इसलिए वह जवाबों के साथ सोर्स भी उपलब्ध कराता है। OpenAI ने नकली वेबसाइटों को रोकने के लिए सुरक्षा उपाय बेहतर करने की बात कही।
वहीं, परप्लेक्सिटी ने माना कि उसका AI हमेशा पूरी तरह सटीक जानकारी नहीं देता।