पावर बैंक फटने की घटनाएं आ रही हैं सामने, खरीदते समय क्या रखें ध्यान?
क्या है खबर?
पावर बैंक में आग लगने और धमाके की कई घटनाएं हाल के दिनों में सामने आई हैं। कुछ समय पहले एक विमान में भी पावर बैंक फटने की घटना हुई थी, जिसके बाद एयरपोर्ट पर यात्रियों को इमरजेंसी गेट से बाहर निकालना पड़ा था। वहीं, सोशल मीडिया पर भी कई यूजर्स ने अचानक पावर बैंक में आग लगने की शिकायत की है। इन घटनाओं के बाद लोगों के बीच डर बढ़ा है।
#1
हमेशा भरोसेमंद ब्रांड का ही पावर बैंक खरीदें
विशेषज्ञों का कहना है कि पावर बैंक खरीदते समय सबसे पहले उसकी क्वालिटी पर ध्यान देना चाहिए। हमेशा भरोसेमंद और प्रमाणित ब्रांड का ही पावर बैंक खरीदना बेहतर माना जाता है। बहुत सस्ते और बिना सुरक्षा प्रमाण वाले पावर बैंक जल्दी खराब हो सकते हैं और उनमें बैटरी से जुड़ी दिक्कत आने का खतरा ज्यादा रहता है। खरीदते समय BIS सर्टिफिकेशन, ओवरहीट प्रोटेक्शन और शॉर्ट सर्किट सुरक्षा जैसी सुविधाएं जरूर जांचनी चाहिए ताकि सुरक्षा बनी रहे।
#2
चार्जिंग के दौरान लापरवाही न करें
पावर बैंक इस्तेमाल करते समय चार्जिंग को लेकर सावधानी रखना बेहद जरूरी है। लंबे समय तक लगातार चार्ज पर लगाकर छोड़ना बैटरी को नुकसान पहुंचा सकता है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि पावर बैंक को बहुत ज्यादा गर्म जगह पर न रखें और चार्जिंग के दौरान उसे तकिये, बिस्तर या कपड़ों के नीचे बिल्कुल न दबाएं। अगर पावर बैंक जरूरत से ज्यादा गर्म हो रहा हो, फूल रहा हो या उससे अजीब गंध आ रही, तो इस्तेमाल बंद कर दें।
#3
पुराने या खराब पावर बैंक का इस्तेमाल बंद करें
अगर पावर बैंक पुराना हो गया है या बार-बार गिर चुका है, तो उसे इस्तेमाल करना खतरनाक हो सकता है। बैटरी के अंदर नुकसान होने पर अचानक शॉर्ट सर्किट या आग लगने का खतरा बढ़ जाता है। कई लोग लंबे समय तक खराब पावर बैंक का इस्तेमाल करते रहते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर पावर बैंक में कोई खराबी दिखाई दे, तो उसे तुरंत बदल देना चाहिए और उसे बच्चों की पहुंच से भी दूर रखना चाहिए।