AI के जरिए प्रधानमंत्री मोदी का भाषण 11 क्षेत्रीय भाषाओं में लाइव किया गया डब
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में दुनियाभर से आए राष्ट्र प्रमुखों और कंपनियों के अधिकारियों को संबोधित किया। इस संबोधन के दौरान उनके पूरे भाषण को एक ही समय में कई भाषाओं में प्रसारित किया गया। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से उनके भाषण को लाइव डब किया गया, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे समझ सकें। यह कदम तकनीक के जरिए संवाद को और व्यापक बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
भाषा
कई भाषाओं में लाइव डबिंग
AI इम्पैक्ट समिट में प्रधानमंत्री का भाषण AI की मदद से असमिया, बांग्ला, इंग्लिश, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओडिया, पंजाबी, तमिल और तेलुगु सहित कई भाषाओं में उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही साइन लैंग्वेज इंटरप्रिटेशन के लिए भी AI का इस्तेमाल किया गया। इससे वे लोग भी भाषण समझ सके जो साइन लैंग्वेज का उपयोग करते हैं। मल्टीलिंगुअल और साइन लैंग्वेज दोनों वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा किए गए।
विजन
AI और 'MANAV विजन' पर जोर
संबोधन में प्रधानमंत्री ने AI की ताकत और उसके प्रभाव पर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि AI सिर्फ मशीनों को ही नहीं, बल्कि इंसानी क्षमताओं को भी कई गुना बढ़ा रहा है और काम करने के तरीके बदल रहा है। इस दौरान उन्होंने AI के जिम्मेदार उपयोग के लिए 'MANAV विजन' का जिक्र किया, जिसमें नैतिकता, जवाबदेही, राष्ट्रीय संप्रभुता, समावेशिता और वैधता पर खास जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि AI पूरी तरह समाज हित में होना चाहिए।
मौजूदगी
ग्लोबल नेताओं की मौजूदगी
इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में कई अंतरराष्ट्रीय नेता और टेक इंडस्ट्री से जुड़े प्रमुख लोग शामिल हुए। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस जैसे बड़े नेता भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे। इससे साफ हुआ कि यह समिट केवल भारत तक सीमित नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर AI के भविष्य, नीतियों और सहयोग को लेकर अहम मंच बन चुका है, जहां विभिन्न देशों के बीच विचार-विमर्श हो रहा है।