आउटेज: अमेजन के डाटा सेंटर हुआ ओवरहीट, अचानक ठप हुई सेवाएं
क्या है खबर?
अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) के उत्तरी वर्जीनिया में स्थित डाटा सेंटर में ओवरहीटिंग के कारण कुछ सेवाएं बाधित हो गई। इसी के साथ डेरिवेटिव्स मार्केटप्लेस CME ग्रुप और क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज कॉइनबेस ने अपने ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में समस्याओं की जानकारी दी है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि AWS और CME में आई समस्याएं आपस में संबंधित थीं या नहीं, लेकिन कॉइनबेस ने कहा कि उसके प्लेटफॉर्म में आई समस्याएं अमेजन के आउटेज के कारण थी।
रिकवरी
कंपनी ने सुधार के लिए किए प्रयास
डाटा सेंटर के तापमान को सामान्य स्तर पर लाने के लिए कंपनी सक्रिय रूप से काम कर रही है, हालांकि प्रगति उम्मीद से धीमी रही है। अमेजन ने कहा कि सुधार के शुरुआती संकेत मिल रहे हैं, क्योंकि वह अतिरिक्त कूलिंग सिस्टम क्षमता को ऑनलाइन लाने में सक्षम हो गई है। रिकवरी प्रयासों के तहत, उसने अधिकांश सेवाओं के लिए प्रभावित अवेलेबिलिटी जोन से ट्रैफिक को दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया है।
असर
काइनबेस की सेवाओं पर क्या पड़ा असर?
इस आउटेज से कॉइनबेस प्रभावित हुआ है, जिसने कहा कि AWS की समस्या के कारण कुछ यूजर्स को प्रदर्शन में गिरावट का सामना करना पड़ सकता है, हालांकि क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज ने यह भी कहा कि ग्राहकों का फंड सुरक्षित है। कंपनी ने कहा कि वह जल्द ही ट्रेडिंग को फिर से शुरू करने के लिए काम कर रही है। CME ने कहा कि उसने आवश्यक रखरखाव कार्य पूरा कर लिया है और यूजर्स अब प्लेटफॉर्म पर लॉग-इन कर सकते हैं।