Loading...
फ्लिपकार्ट से फोन मंगाया, लेकिन पार्सल में निकला तेल; अब मिलेंगे 1.8 लाख रुपये 
फोरम ने दोनों पक्षों को यह भुगतान तय समय के भीतर करने का निर्देश दिया

फ्लिपकार्ट से फोन मंगाया, लेकिन पार्सल में निकला तेल; अब मिलेंगे 1.8 लाख रुपये 

Jul 24, 2026
11:56 am

क्या है खबर?

मुंबई के एक कंज्यूमर फोरम ने ऑनलाइन खरीदारी से जुड़े एक मामले में ग्राहक के पक्ष में बड़ा फैसला सुनाया है। फोरम ने फ्लिपकार्ट और संबंधित विक्रेता को ग्राहक को पूरी रकम लौटाने के साथ मुआवजा देने का निर्देश दिया है। मामला उस समय सामने आया, जब ग्राहक ने महंगा आईफोन ऑर्डर किया था, लेकिन पार्सल खोलने पर उसमें स्मार्टफोन की जगह दाढ़ी बढ़ाने वाला तेल निकला। इसके बाद ग्राहक ने शिकायत दर्ज कराई और कंज्यूमर फोरम का दरवाजा खटखटाया।

आदेश

रिफंड के साथ मुआवजा देने का आदेश

फोरम ने आदेश दिया कि ग्राहक को 1.12 लाख रुपये की पूरी रकम 22 अप्रैल, 2023 से भुगतान होने तक 9 प्रतिशत सालाना ब्याज के साथ लौटाई जाए।

इसके अलावा, मानसिक परेशानी के लिए 50,000 रुपये और मुकदमे के खर्च के लिए 20,000 रुपये भी दिए जाएं।

फोरम ने दोनों पक्षों को यह भुगतान तय समय के भीतर करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं दोहराने की भी बात कही है।

राहत

बार-बार शिकायत के बाद भी नहीं मिली राहत

ग्राहक ने बताया कि उसने अप्रैल, 2023 में बिना ब्याज वाली किस्त योजना के तहत आईफोन 14 प्रो खरीदा था।

चार्जर और कवर तो सही पहुंचे, लेकिन मुख्य पार्सल में फोन की जगह दाढ़ी बढ़ाने वाला तेल मिला। ग्राहक ने कई बार शिकायत दर्ज कराई और जरूरी दस्तावेज भी दिए, लेकिन हर बार शिकायत बंद कर दी गई।

न तो रिफंड मिला और न ही नया फोन भेजा गया, जिससे ग्राहक को काफी मानसिक परेशानी और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

ADVERTISEMENT

कंपनी

निर्माता कंपनी को नहीं ठहराया जिम्मेदार

फोरम ने कहा कि ऑनलाइन सामान बेचने वाला मंच और विक्रेता यह सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार हैं कि ग्राहक को वही उत्पाद मिले, जिसका उसने ऑर्डर दिया है।

शिकायत का समाधान न करना सेवा में कमी और अनुचित व्यापारिक तरीका माना गया।

वहीं, निर्माता कंपनी के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिलने पर उसे इस मामले से अलग कर दिया गया और उसके खिलाफ शिकायत खारिज कर दी गई, क्योंकि पैकेज भेजने में उसकी कोई भूमिका साबित नहीं हुई।

ADVERTISEMENT