OpenAI ने कोडेक्स को सुपर ऐप में बदला, सैम ऑल्टमैन ने एंथ्रोपिक पर किया कटाक्ष
क्या है खबर?
OpenAI ने अपने कोडिंग टूल कोडेक्स का एक बड़ा अपडेट जारी किया है। कोडेक्स ऐप अब एक सुपर ऐप की तरह काम करेगा, जिसमें कोड लिखने के अलावा भी कई और सुविधाएं होंगी। यह अब आपके कंप्यूटर पर मौजूद किसी भी ऐप को एक्सेस कर सकता है, उन्हें अपने आप चला सकता है और कार्यों को पूरा कर सकता है। लॉन्च के बाद, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन ने नाम लिए बिना अपने मुख्य प्रतिद्वंद्वी पर कटाक्ष किया है।
खासियत
कोडेक्स अब कर सकता है ये काम
कोडेक्स में अब मैकOS पर बैकग्राउंड कंप्यूटर उपयोग की सुविधा शामिल है। इससे आप निगरानी के बिना ही क्लिक और टाइप करके डिवाइस पर ऐप्स को अपने आप संचालित कर सकता है। कोडिंग एजेंट को अब केवल कोडिंग से कहीं अधिक कार्यक्षमता प्राप्त हो गई है। इस अपडेट में इन-ऐप ब्राउजर के साथ-साथ इमेज जनरेशन का सपोर्ट भी शामिल है। आप AI से कोड लिखवा सकते हैं, इमेज बना सकते हैं और वेबसाइट ब्राउज करवा सकते हैं।
कटाक्ष
नाम लिए बिना एंथ्रोपिक पर साधा निशाना
ऑल्टमैन ने एक्स पर कोडेक्स प्रमुख थिबॉल्ट टिबो सॉटियाक्स की एक पोस्ट का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि वह नहीं चाहते कि अपडेट के बाद कोडेक्स यूजर्स की लिमिट कम हों। उन्होंने लिखा, "मुझे खुशी है कि सभी लोग कोडेक्स पर स्विच कर रहे हैं, लेकिन टिबो, अगर आप मुझ पर सीमा लागू करना शुरू करते हैं या मुझे खराब मॉडल इस्तेमाल करने के लिए मजबूर करते हैं..." उन्होंने नाम लिए बिना एंथ्रोपिक पर कटाक्ष किया है।
आलोचना
इस कारण हो रही एंथ्रोपिक की अलोचना
पिछले कुछ दिनों में एंथ्रोपिक को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है, क्योंकि क्लाउड कोड के यूजर्स ने पाया कि उनकी प्लान की लिमिट पहले की तुलना में बहुत तेजी से खत्म हो रही थी। बाद में एंथ्रोपिक ने सुझाव दिया कि उन्हें अपनी लिमिट का अधिक उपयोग करने के लिए कम शक्तिशाली मॉडल पर स्विच करना चाहिए। बता दें कि कोडेक्स का अपडेट एंथ्रोपिक द्वारा नए क्लाउड ओपस 4.7 मॉडल पेश किए जाने के कुछ ही घंटों बाद आया।