OpenAI की मीडियाटेक से साझेदारी, AI स्मार्टफोन और नई चिप टेक्नोलॉजी पर होगा काम
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI भविष्य के AI स्मार्टफोन के लिए मीडियाटेक के साथ साझेदारी कर सकती है। टेक विश्लेषक मिंग-ची कुओ के अनुसार, यह सहयोग आने वाले समय में स्मार्टफोन बाजार पर बड़ा असर डाल सकता है। उनका कहना है कि इस साझेदारी से मीडियाटेक को प्रीमियम स्मार्टफोन सेगमेंट में नई पहचान मिलेगी। अभी इस बाजार में क्वालकॉम का दबदबा माना जाता है, लेकिन OpenAI के साथ जुड़ने से मीडियाटेक की स्थिति मजबूत हो सकती है।
फायदा
ChatGPT की लोकप्रियता से मिलेगा बड़ा फायदा
कुओ का कहना है कि ChatGPT की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता OpenAI के संभावित स्मार्टफोन को दुनियाभर में बड़ी पहचान दिला सकती है। उन्होंने अनुमान लगाया कि इस स्मार्टफोन लॉन्च को 30 करोड़ से 50 करोड़ तक लोग देख सकते हैं। सोशल मीडिया और मीडिया कवरेज का भी इसे बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। कुओ के मुताबिक, इतनी बड़ी पहुंच मीडियाटेक को नई ब्रांड वैल्यू दिला सकती है और कंपनी को हाई-एंड स्मार्टफोन बाजार में मजबूत बना सकती है।
प्रोसेसर
AI स्मार्टफोन के लिए बदलेंगे प्रोसेसर
कुओ ने बताया कि आने वाले समय में AI आधारित स्मार्टफोन के लिए अलग तरह के प्रोसेसर की जरूरत होगी। ऐसे चिप्स को तेज प्रोसेसिंग, लगातार डाटा अपडेट और कम देरी के साथ काम करने में सक्षम होना होगा। उनके अनुसार, OpenAI के साथ साझेदारी से मीडियाटेक को असली यूजर डेटा और अनुभव मिलेगा। इससे कंपनी भविष्य के AI-केंद्रित सिस्टम-ऑन-चिप तैयार करने में तेजी से आगे बढ़ सकती है और नई तकनीक विकसित कर सकती है।
6G
6G टेक्नोलॉजी में भी दिख सकता है असर
यह साझेदारी भविष्य की 6G टेक्नोलॉजी पर भी असर डाल सकती है। कुओ के अनुसार, AI आधारित डिवाइस आने वाले समय में तेज इंटरनेट कनेक्टिविटी और क्लाउड AI सिस्टम का अहम हिस्सा बनेंगे। उनका मानना है कि OpenAI स्मार्टफोन प्रोजेक्ट से मिले अनुभव की मदद से मीडियाटेक भविष्य के 6G नेटवर्क से जुड़े नए मानकों और तकनीकों में बड़ी भूमिका निभा सकता है। इससे कंपनी के लंबे समय के कारोबार और निवेशकों के भरोसे को फायदा मिल सकता है।