OpenAI का नया AI डिवाइस होगा बिना स्क्रीन वाला स्मार्ट स्पीकर
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI इन दिनों एक नए AI डिवाइस पर काम कर रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी का यह AI डिवाइस बिना स्क्रीन वाला स्मार्ट स्पीकर होगा। इसे घर में रहने वाले AI साथी की तरह तैयार किया जा रहा है। इसके जरिए यूजर सवाल पूछ सकेंगे, मैसेज का जवाब दे सकेंगे, संगीत चला सकेंगे और स्मार्ट होम उपकरणों को भी नियंत्रित कर सकेंगे। यह उत्पाद अभी विकास के चरण में है।
खासियत
यूजर की आदतें समझकर करेगा मदद
बताया जा रहा है कि यह AI स्पीकर समय के साथ अपने यूजर की पसंद और जरूरतों को आसानी से समझेगा।
इसके बाद यह पहले से जानकारी देने, सवालों के जवाब देने और रोजमर्रा के काम आसान बनाने में मदद करेगा। इसमें कैमरा, सेंसर और ChatGPT के उन्नत वॉइस फीचर का इस्तेमाल होगा।
यह डिवाइस बैटरी से भी चलेगा, इसलिए इसे घर में आसानी से एक कमरे से दूसरे कमरे तक ले जाया जा सकेगा।
चुनौती
ऐपल और गूगल को मिलेगी चुनौती
OpenAI का मानना है कि यह AI डिवाइस मौजूदा स्मार्ट स्पीकर से काफी अलग होगा।
कंपनी का कहना है कि इसका डिजाइन और तकनीक ऐपल के किसी उत्पाद की नकल नहीं है। OpenAI ने अपने हार्डवेयर कारोबार को मजबूत करने के लिए IO प्रोडक्ट्स का अधिग्रहण किया है।
इसके साथ ही ऐपल के कई पूर्व इंजीनियर और डिजाइनर भी इस नए AI डिवाइस को तैयार करने में कंपनी के साथ काम कर रहे हैं।
लॉन्च
2027 में लॉन्च करने की तैयारी
जानकारी के अनुसार, OpenAI अपने हार्डवेयर कारोबार के तहत कई नए AI उत्पादों पर काम कर रहा है।
इनमें सबसे पहले इसी स्मार्ट स्पीकर को बाजार में लाने की योजना है। कंपनी इस साल इसका अनावरण कर सकती है और 2027 में इसे लॉन्च करने का लक्ष्य रखा गया है।
हालांकि, कानूनी प्रक्रिया और अन्य कारणों की वजह से इसकी लॉन्चिंग की समयसीमा में बदलाव भी संभव माना जा रहा है।