OpenAI ने ChatGPT के प्लगइन में किए बदलाव, अब ऐप्स का इस्तेमाल होगा आसान
क्या है खबर?
OpenAI ने ChatGPT में दूसरे ऐप्स के इस्तेमाल को आसान बनाने के लिए नए बदलाव किए हैं। कंपनी ने मंगलवार को डेवडे कार्यक्रम में बताया कि अब डेवलपर्स ऐसे प्लगइन बना सकेंगे, जिनकी मदद से उनके ऐप ChatGPT के अंदर ही काम कर सकेंगे। इससे यूजर को अलग ऐप खोलने की जरूरत कम होगी। ChatGPT पहले से स्लैक, शेयरपॉइंट, एयरटेबल और गूगल ड्राइव जैसे टूल्स से जुड़ सकता है। अब इन ऐप्स के साथ काम करना और आसान होगा।
जगह
ChatGPT में ऐप्स के लिए अलग जगह
नए प्लगइन एक्सटेंशन के बाद ChatGPT के साइडबार में ऐप्स के लिए अलग जगह मिलेगी।
यूजर यहां से जरूरत के हिसाब से ऐप चुनकर उसका इस्तेमाल कर सकेंगे। डेवलपर्स ऐसे पैनल भी बना सकेंगे, जिनमें चैट के दौरान ही उनके ऐप के जरूरी काम किए जा सकेंगे। इनमें फाइल देखने की सुविधा भी दी जा सकती है।
इससे यूजर को जानकारी देखने या किसी काम को पूरा करने के लिए बार-बार दूसरी वेबसाइट या ऐप खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
प्लगइन
प्लगइन बनाना और खोजना होगा आसान
OpenAI ने डेवलपर्स के लिए प्लगइन बनाना भी आसान करने की बात कही है।
कंपनी एक नया प्लगइन क्रिएटर टूल दे रही है, जिससे डेवलपर्स आसानी से अपने प्लगइन तैयार कर सकेंगे। इसके बाद उन्हें प्लगइन डायरेक्टरी में जमा किया जा सकेगा। OpenAI ने प्लगइन दिखाने और सुझाने के तरीके में भी बदलाव किया है।
यूजर जब कोई प्लगइन चुनेगा, तो वह यह तय कर सकेगा कि उसे किस तरह की जानकारी या सुविधा की अनुमति देनी है।
अन्य
वेबसाइट और ऑटोमेशन का भी विकल्प
OpenAI के मुताबिक ChatGPT साइट्स पर भी इन प्लगइन को इस्तेमाल किया जा सकेगा।
इससे लोग अपने बनाए ऐप या टूल को दूसरे लोगों के साथ साझा कर सकेंगे। इसका इस्तेमाल करने वाले लोग अपने डेटा और दी गई अनुमति के हिसाब से उस टूल को चला सकेंगे।
कंपनी ने MCP इवेंट्स स्पेसिफिकेशन के लिए सपोर्ट देने की भी बात कही है। इससे किसी ऐप में कोई खास घटना होने पर प्लगइन अपने आप काम शुरू कर सकेगा।