OpenAI का बड़ा फैसला, पहले सरकारी मंजूरी वाले यूजर्स को मिलेगा ChatGPT 5.6
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI अपने नए ChatGPT 5.6 मॉडल को एक साथ सभी यूजर्स के लिए जारी नहीं करेगी। द इन्फॉर्मेशन की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सरकार ने कंपनी से कहा है कि नए AI मॉडल को पहले सीमित और मंजूरी प्राप्त यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जाए। इसके बाद कुछ हफ्तों में धीरे-धीरे बाकी यूज़र्स तक इसकी पहुंच बढ़ाई जाएगी। अमेरिकी सरकार सुरक्षा और मॉडल की क्षमताओं की समीक्षा करना चाहती है।
मेमो
सैम ऑल्टमैन ने कर्मचारियों को दी जानकारी
रिपोर्ट के अनुसार, OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन ने कर्मचारियों को भेजे गए मेमो में बताया कि शुरुआती प्रीव्यू अवधि के दौरान हर यूजर की मंजूरी अमेरिकी सरकार की ओर से दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी भविष्य में AI मॉडल लॉन्च करने के लिए अधिक स्थायी और आसान व्यवस्था चाहती है। इसके लिए सरकार और AI इंडस्ट्री की दूसरी कंपनियों के साथ मिलकर आगे काम किया जाएगा।
प्रक्रिया
कई सरकारी एजेंसियां प्रक्रिया में शामिल
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस पूरी प्रक्रिया में अमेरिकी सरकार की कई एजेंसियां शामिल हैं। इनमें नेशनल साइबर डायरेक्टर का कार्यालय, साइंस एंड टेक्नोलॉजी पॉलिसी कार्यालय और वाणिज्य विभाग का भी नाम सामने आया है। हालांकि, इस मामले पर व्हाइट हाउस और संबंधित सरकारी एजेंसियों ने सार्वजनिक रूप से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। इसलिए पूरी प्रक्रिया को लेकर अभी भी कई सवाल बने हुए हैं।
समीक्षा
AI मॉडल की समीक्षा को लेकर बना संशय
हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक आदेश जारी किया था, जिसमें शक्तिशाली AI मॉडल को सार्वजनिक करने से पहले स्वैच्छिक सरकारी समीक्षा का सुझाव दिया गया था। इसके बाद AI कंपनी एंथ्रोपिक ने भी अपने दो नए मॉडल का एक्सेस रोक दिया था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि समीक्षा प्रक्रिया कैसे चलेगी और भविष्य में AI कंपनियों के लिए इन नियमों को किस तरह लागू किया जाएगा।