OpenAI का बड़ा फैसला, भारत में मुफ्त ChatGPT यूजर्स को अब दिखेंगे विज्ञापन
क्या है खबर?
OpenAI भारत में ChatGPT पर विज्ञापन बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी अब फ्री और गो प्लान इस्तेमाल करने वाले लॉग-इन वयस्क यूजर्स को जवाबों के नीचे विज्ञापन दिखाएगी। ये विज्ञापन बातचीत से जुड़े उत्पाद या सेवाओं के हो सकते हैं और उन्हें साफ तौर पर स्पॉन्सर्ड के रूप में दिखाया जाएगा। वहीं प्लस, प्रो, बिजनेस, एंटरप्राइज और एजुकेशन प्लान वाले यूजर्स को विज्ञापन नहीं दिखेंगे। यह बदलाव भारत में जल्द शुरू होने वाला है।
विज्ञापन
कौन दिखाएगा विज्ञापन और कितना खर्च होगा?
OpenAI ने भारत में ChatGPT विज्ञापनों के लिए WPP और ओम्निकॉम को शुरुआती एजेंसी पार्टनर बनाया है।
कंपनी के मुताबिक, इस सप्ताह ChatGPT पर 50 से ज्यादा ब्रांडों के विज्ञापन लाइव होने की उम्मीद है। इसके अलावा 4 सितंबर से ChatGPT विज्ञापन प्रबंधक का सेल्फ-सर्विस एक्सेस देने की योजना है।
इससे छोटे-बड़े कारोबार खुद विज्ञापन चला सकेंगे। विज्ञापन अभियान के लिए दैनिक बजट 725 रुपये से शुरू करने का विकल्प मिलेगा।
महत्व
भारत OpenAI के लिए क्यों अहम है?
भारत ChatGPT के लिए दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में शामिल है।
फरवरी तक यहां 10 करोड़ से ज्यादा साप्ताहिक यूजर्स होने की जानकारी दी गई थी। इनमें छात्र, डेवलपर, शिक्षक और कारोबारी शामिल हैं। OpenAI के मुताबिक, भारत में उसके साप्ताहिक सक्रिय यूजर्स की संख्या साल-दर-साल दोगुनी हुई है।
कंपनी का कहना है कि लोग ChatGPT का इस्तेमाल केवल जानकारी खोजने के लिए नहीं, बल्कि सीखने, विकल्प समझने और फैसले लेने के लिए भी कर रहे हैं।
असर
क्या विज्ञापन जवाबों को प्रभावित करेंगे?
OpenAI का कहना है कि विज्ञापन ChatGPT के जवाबों को प्रभावित नहीं करेंगे।
कंपनी के मुताबिक, जवाब यूजर के लिए सबसे उपयोगी जानकारी के आधार पर ही तैयार किए जाएंगे। विज्ञापनदाताओं को यूज़र्स की चैट, चैट हिस्ट्री, यादों या निजी जानकारी तक पहुंच नहीं मिलेगी। कंपनी यूजर डाटा विज्ञापनदाताओं को बेचने की बात भी नकारती है।
18 साल से कम उम्र के यूजर्स और स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य या राजनीति जैसे संवेदनशील विषयों वाली बातचीत में विज्ञापन नहीं दिखाए जाएंगे।